बांग्लादेश में 2026 की शुरुआत तक आम चुनाव होने की संभावना है। अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने यह जानकारी दी। उन्होंने चुनाव से पहले सुधारों पर ज़ोर दिया है।

ढाका। बांग्लादेश के अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस ने सोमवार को बताया कि 2025 के आखिर से लेकर 2026 की शुरुआत तक आम चुनाव करा लिए जाएंगे। 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना की सरकार गिरी थी। इसके बाद अंतरिम सरकार अस्तित्व में आई। यूनुस इसके प्रधान सलाहकार हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नोबेल शांति पुरस्कार विजेता यूनुस पर बांग्लादेश में जल्द चुनाव कराने का दबाव है। उन्होंने राज्य टेलीविजन पर कहा, "चुनाव की तारीखें 2025 के अंत तक या 2026 की पहली छमाही तक तय की जा सकती हैं।"

चुनाव कराने से पहले सुधार पर ध्यान दे रहे हैं यूनुस

यूनुस ने कहा है कि वह बांग्लादेश में चुनाव कराने से पहले बड़े सुधारों पर ध्यान दे रहे हैं। कई सुधारों की निगरानी के लिए आयोग गठित किए गए हैं। चुनाव की तारीख तय करना इस बात पर निर्भर है कि राजनीतिक दल किस पर सहमत होते हैं।

यूनुस ने कहा, "मेरा मानना है कि चुनाव से पहले सुधार किए जाने चाहिए। अगर राजनीतिक दल कम से कम सुधारों, जैसे सही मतदाता सूची के साथ पहले चुनाव कराने पर सहमत हो जाएं तो चुनाव अगले साल नवंबर के अंत तक कराए जा सकते हैं। अगर पूरी तरह चुनाव सुधार किए जाएं तो चुनाव कराने में कुछ महीनों की देरी होगी।"

उग्र विरोध प्रदर्शनों के चलते गिर गई थी शेख हसीना की सरकार

बता दें कि 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। वह 15 साल से सत्ता में थीं। हथियारों से लैस हजारों प्रदर्शनकारी उनके घर की ओर बढ़ रहे थे। हसीना को हेलिकॉप्टर में सवार होकर अपने से भागना पड़ा था। वह भारत में शरण लिए हुईं हैं।

उनकी सरकार पर न्यायालयों और सिविल सेवा का राजनीतिकरण करने और सत्ता पर लोकतांत्रिक नियंत्रण को खत्म करने के लिए असंतुलित चुनाव कराने का आरोप लगाया गया था। हसीना के शासन में व्यापक स्तर पर मानवाधिकारों का हनन के आरोप लगे। कहा गया कि वह अपने राजनीतिक विरोधियों की सामूहिक नजरबंदी और हत्याएं कराने में शामिल थीं।

यह भी पढ़ें- हजारों लोगों के अपहरण में शेख हसीना शामिल?