दुबई में 2026 में भारत मार्ट खुलेगा। 27 लाख वर्ग फुट में फैला, यह भारतीय सामानों का केंद्र होगा। MSMEs को मिलेगा बड़ा फायदा!

Bharat Mart: UAE में भारत मार्ट नाम से विशाल मॉल खुलने जा रहा है। इसका उद्घाटन 2026 में होगा। जेबेल अली फ्री जोन (JAFZA) में स्थित भारत मार्ट 27 लाख वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र में फैला होगा। यहां खुदरा, शोरूम और गोदाम होंगे। इससे भारत में बने सामानों को अफ्रीका, मध्य पूर्व और यूरेशिया तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम ने हाल ही में भारत की यात्रा की है। इसके बाद मॉल खोले जाने के समय को लेकर घोषणा हुई है। भारत मार्ट की तुलना अक्सर चीनी ड्रैगन मार्ट से होती है। भारत मार्ट दुबई में एक बिजनेस-टू-बिजनेस (बी2बी) और बिजनेस-टू-कंज्यूमर (बी2सी) बाजार होगा। इसे भारतीय बिजनेस और ग्लोबल मार्केट के बीच व्यापार सुविधाजनक बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।

डीपी वर्ल्ड के ग्रुप चेयरमैन और सीईओ सुल्तान अहमद बिन सुलेयम ने बताया है कि भारत मार्ट का निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा, "भारत मार्ट ग्लोबल कंज्यूमर, खास तौर पर मध्य पूर्व और अफ्रीका के खरीदारों के लिए भारतीय उत्पादों का प्रदर्शन होगा। इन देशों के लोग यहां से भारतीय सामान ले जाकर अपने देश में मांग देख सकते हैं।"

27 लाख वर्ग फीट में फैला होगा भारत मार्ट

भारत मार्ट 27 लाख वर्ग फीट में फैला होगा। इसका प्रारंभिक चरण 13 लाख वर्ग फीट में होगा। यह भारत के MSMEs (Micro Small and Medium Enterprises) के लिए प्रमुख व्यापारिक केंद्र के रूप में काम करेगा। भारत मार्ट में 1500 शोरूम होंगे। यहां 7 लाख वर्ग फीट से ज्यादा जगह पर अत्याधुनिक वेयरहाउसिंग, हल्की औद्योगिक इकाइयां, ऑफिस और मीटिंग सुविधाएँ होंगी। महिलाओं के नेतृत्व वाले व्यवसायों को खास जगह मिलेगी।

भारत मार्ट जेबेल अली बंदरगाह से सिर्फ 11 किमी दूर और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 15 किमी दूर होगा। यहां एतिहाद रेल तक सुविधाजनक पहुंच होगी। भारत मार्ट में भारतीय व्यवसायों को मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स नेटवर्क तक पहुंच मिलेगी।