जर्मनी के मैगडेबर्ग क्रिसमस बाजार में कार ने भीड़ में घुसकर दो लोगों की जान ले ली और कई घायल हो गए। एक 50 वर्षीय सऊदी डॉक्टर को गिरफ्तार किया गया है।

वर्ल्ड डेस्क। जर्मनी के मैगडेबर्ग में लगे क्रिसमस बाजार में शुक्रवार को एक कार जानबूझकर भीड़ में घुसा दी गई। इसके चलते 2 लोगों की मौत हो गई और 60 से अधिक घायल हो गए। एक बच्चे की भी मौत हुई है। जर्मन पुलिस ने इस मामले में 50 साल के सऊदी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। डॉक्टर जर्मनी का स्थायी नागरिक है। वह यहां करीब दो दशक से रह रहा है। उसने भीड़ को अपनी कार से कुचल दिया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

घटना के बाद शुरुआती रिपोर्ट में दावा किया गया कि 11 लोगों की मौत हुई है। बाद में अधिकारियों ने दो लोगों के मारे जाने की पुष्टि की। मैगडेबर्ग सैक्सोनी-अनहाल्ट राज्य की राजधानी है। यहां के प्रधानमंत्री रेनर हसेलोफ ने बताया कि डॉक्टर के पास जर्मनी का स्थायी निवास था। वह लगभग दो दशक से यहां रह रहा था।

Scroll to load tweet…

रेनर हसेलोफ ने कहा, "इस समय जो स्थिति है, हम एक अकेले अपराधी के बारे में बात कर रहे हैं। इसका मतलब है कि शहर को अब कोई खतरा नहीं है। हमने उसे गिरफ्तार कर लिया है।"

जर्मन पुलिस को शक था कि कार में है बम

जर्मन पुलिस को शक था कि गाड़ी में बम है। हालांकि जांच के बाद कार में कोई विस्फोटक नहीं मिला। घटना के बाद कई पुलिस अधिकारी और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचे। बाजार में मौजूद लोगों को सुरक्षित निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने स्थानीय मीडिया को बताया कि कार सीधे टाउन हॉल की ओर बढ़ी और बाजार में भीड़ में घुस गई।

जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज ने घटना पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने X पर पोस्ट किया, "मेरी संवेदनाएं पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। हम उनके साथ और मैगडेबर्ग के लोगों के साथ खड़े हैं। इन चिंताजनक घंटों में समर्पित बचावकर्मियों को मेरा धन्यवाद।" सऊदी अरब के विदेश मंत्रालय ने घटना की निंदा की और "जर्मन लोगों और पीड़ितों के परिवारों के साथ एकजुटता" व्यक्त की।

आठ साल पहले ऐसी ही घटना में मारे गए थे 12 लोग

बता दें कि जर्मनी में आठ साल पहले ट्यूनीशियाई शरणार्थी अनीस अमरी ने ट्रक बर्लिन के एक भीड़ भरे क्रिसमस बाजार में घुसा दी थी। इसके चलते 12 लोगों की मौत हो गई थी और दर्जनों लोग घायल हुए थे।

यह भी पढ़ें- ईरान ने महिलाओं को बताया फूल, इज़राइल ने शेयर की माहसा अमीनी की तस्वीर