Charlie Kirk Shot Dead: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी और राइट-विंग नेता चार्ली किर्क की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आइए जानते हैं कौन थे चार्ली किर्क, जिन्होंने 2024 के चुनाव में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी।
Charlie Kirk: अमेरिका एक बार फिर एक गोलीकांड से हिल गया है। इस बार निशाने पर खुद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सहयोगी हैं। ट्रंप के प्रमुख समर्थक, राइट-विंग युवा कार्यकर्ता और इन्फ्लुएंसर चार्ली किर्क की बुधवार को हत्या कर दी गई। किर्क को यूटाह वैली यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान बोलते समय सबके सामने गोली मार दी गई।
कौन हैं चार्ली किर्क?
चार्ली किर्क कंजर्वेटिव छात्र संगठन Turning Point USA के संस्थापक थे। 31 साल के चार्ली किर्क अमेरिका के एक प्रमुख राइट-विंग नेता थे। वे डोनाल्ड ट्रंप के बड़े समर्थक थे और 2024 के चुनाव में उनकी टीम के बेहद खास सदस्य रहे थे। ट्रंप ने उन्हें युवाओं के दिल और सोच को समझने वाला बताया था क्योंकि किर्क का युवाओं पर अच्छा प्रभाव था। चार्ली किर्क इजरायल के भी बड़े समर्थक थे। इसी वजह से इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने उन्हें इजरायल का सच्चा दोस्त कहा था। किर्क अपने परिवार के साथ रहते थे, जिसमें उनकी पत्नी एरिका, जो पूर्व मिस एरिजोना यूएसए विजेता हैं, और उनके दो बच्चे भी हैं।
यह भी पढ़ें: ट्रंप के सबसे खास सहयोगी की गोली मारकर हत्या, 4 दिन तक झुका रहेगा अमेरिकी झंडा
ट्रंप के राजनीतिक अभियान में निभाई थी अहम भूमिका
चार्ली किर्क डोनाल्ड ट्रंप के राजनीतिक अभियान में बहुत अहम भूमिका निभाते थे। ट्रंप ने उनकी मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं के दिल को समझने में चार्ली से बेहतर कोई नहीं था। ट्रंप ने बताया कि किर्क सभी के पसंदीदा थे और खासकर मेरे लिए काफी खास थे। किर्क ने ट्रंप को युवा वोटर्स से जोड़ने में मदद की थी। उनकी मौत से रिपब्लिकन पार्टी में एक बड़ी कमी महसूस हो रही है। अब टर्निंग पॉइंट यूएसए को अपने संस्थापक के बिना काम करना होगा, जो ट्रंप की 2028 की चुनावी रणनीति को प्रभावित कर सकता है। ट्रंप ने चार्ली किर्क के सम्मान में अमेरिका में सभी झंडे आधे झुके रखने का आदेश भी दिया है।
