चीन पाकिस्तान को 30 J-35A लड़ाकू विमान दे रहा है। भारत के पास अभी पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान नहीं हैं, लेकिन इसे रोकने की क्षमता की कमी नहीं है।

J-35A Fighter Jet: चीन पाकिस्तान को पांचवीं पीढ़ी का लड़ाकू विमान J-35A दे रहा है। पाकिस्तान को यह विमान देने की प्रक्रिया तेज की गई है। CNNNEWS18 की रिपोर्ट के अनुसार अगस्त 2025 तक चीन पाकिस्तान को 30 J-35A विमान देगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पाकिस्तान के पायलटों को J-35A विमान उड़ाने की ट्रेनिंग दी जा रही है। इसके लिए पायलटों की एक टीम को चीन की वायुसेना के मुख्यालय भेजा गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चीन पाकिस्तान को यह लड़ाकू विमान 50% कम कीमत पर दे रहा है।

क्या भारत के पास है J-35A का जवाब?

चीन का दावा है कि J-35A पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर जेट है। इस विमान की स्टील्थ क्षमता अभी तक परखी नहीं गई है। जहां तक भारत का सवाल है भारत के पास इस समय पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान नहीं हैं। भारत का सबसे आधुनिक विमान राफेल है। यह 4.5 जनरेशन का है। भारत स्वदेशी पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान पर काम कर रहा है। इसके सेवा में शामिल होने में अभी समय है।

पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान हासिल करने के लिए इस वक्त भारत के पास दो मुख्य विकल्प हैं। एक अमेरिका का F-35 और दूसरा रूस का Su-57. Su-57 सुखोई परिवार का लड़ाकू विमान है। भारत के पास पहले से सुखोई Su 30MKI है। अमेरिका और रूस दोनों अपने पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान भारत को ऑफर कर रहे हैं। फरवरी 2025 में बेंगलुरु में हुए एयर शो Aero India 2025 में दोनों लड़ाकू विमानों को प्रदर्शित किया गया था।

J-35A को रोकने के क्या हैं विकल्प?

चीन भले दावा करे कि J-35A स्टील्थ विमान है, लेकिन इसे रडार से देख पाना बहुत मुश्किल नहीं है। भारत के पास ऐसे शक्तिशाली रडार हैं जो J-35A या दूसरे स्टील्थ विमान का पता लगा सकते हैं। सुखोई 30 MKI से लेकर राफेल तक के पास J-35A जैसे विमान को हवा में नष्ट करने की क्षमता है। भारत के पास रूस से लिया गया S-400 एयर डिफेंस सिस्टम है। यह इतना ताकतवर है कि अमेरिका के बेहद अत्याधुनिक पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान का भी पता लगा ले। J-35A विमान S-400 के रडार की नजर और इसके मिसाइलों की मार से नहीं बच सकता। इसके साथ ही भारत के पास बराक-8 और आकाश जैसे बेहद ताकतवर एयर डिफेंस सिस्टम हैं जो स्टील्थ विमान को भी निशाना बना सकते हैं।