चीन के गांसु में 6.2 तीव्रता का भूकंप (Earthquake in China) आया है। इसके चलते 111 लोगों की मौत हुई है और 230 लोग घायल हुए हैं। भूकंप प्रभावित इलाके में तापमान शून्य से 14 डिग्री सेल्सियस नीचे था। 

बीजिंग। चीन के गांसु में आए 6.2 तीव्रता के भूकंप (China earthquake) ने तबाही मचाई है। भूकंप के चलते 111 लोगों की मौत हुई है और 230 घायल हुए हैं। भूकंप मंगलवार को चीन के गांसु-किंघई सीमा क्षेत्र में आया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने भूकंप की तीव्रता 6.1 आंकी थी। वहीं, चीन के सरकारी मीडिया ने कहा कि भूकंप की तीव्रता 6.2 दर्ज की गई है। चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र के अनुसार, भूकंप सोमवार रात 11:59 बजे आया। इसकी फोकल गहराई 10 किमी है। इसका केंद्र गांसु की प्रांतीय राजधानी लान्झू से 102 किमी पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में था। आधिकारिक रिपोर्टों में यह नहीं बताया गया है कि भूकंप के बाद कोई लापता व्यक्ति है या नहीं।

स्तर-IV आपदा राहत आपातकाल लागू

चीन के आधिकारिक शिन्हुआ न्यूज एजेंसी ने कहा कि भूकंप का केंद्र दो उत्तर-पश्चिमी प्रांतों के बीच सीमा से 5 किमी दूर था। इसके चलते किंघई प्रांत के कई हिस्सों में तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप के बाद राहत और बचाव के लिए चीन के राष्ट्रीय आयोग और आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने स्तर-IV आपदा राहत आपातकाल लागू कर दिया है।

भूकंप प्रभावित इलाके में शून्य से 14 डिग्री सेल्सियस नीचे था तापमान

भूकंप जिस जगह आया वह ऊंचा पहाड़ी इलाका है। वहां मौसम ठंडा है। गांसु के लिनक्सिया में भूकंप से अधिक तबाही हुई है। यहां मंगलवार सुबह तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे था। इन दिनों चीन का अधिकांश हिस्सा जमा देने वाली ठंड से जूझ रहा है। पिछले सप्ताह शुरू हुई शीत लहर पूरे देश में चल रही है। भूकंप के चलते पानी, बिजली, सड़क, संचार और अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। भूकंप प्रभावित इलाकों में राहत कार्य चलाए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Year Ender 2023: इजरायल पर हमास के हमले से लेकर तुर्की भूकंप तक, इस साल हुईं ये बड़ी घटनाएं

चीन की सरकारी टीवी सीसीटीवी ने कहा कि प्रारंभिक विश्लेषण से पता चलता है कि बेहद तेज भूकंप आया था। यह 1900 के बाद से भूकंप के केंद्र के 200 किमी के भीतर 6 तीव्रता से अधिक के तीन झटकों में से एक था। मंगलवार सुबह होने से पहले 3.0 और उससे अधिक तीव्रता के कुल नौ झटके दर्ज किए गए।