इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी (Silvio Berlusconi) अपनी 33 साल की प्रेमिका मार्ता फासीना के लिए मरने के बाद 905 करोड़ रुपए से अधिक छोड़ गए। उन्होंने फासीना के साथ कानूनी रूप से शादी नहीं की थी।

रोम। इटली के पूर्व प्रधानमंत्री सिल्वियो बर्लुस्कोनी (Silvio Berlusconi) की मौत पिछले महीने हो गई थी। वह तीन बार इटली के प्रधानमंत्री रहे। वह एक बड़े औद्योगिक साम्राज्य के मालिक भी थे। बर्लुस्कोनी ने 86 साल की उम्र में दुनिया से विदा लिया। मरने के बाद भी वह अपनी 33 साल की प्रेमिका मार्ता फासीना को मालामाल कर गए। उनकी वसीयत सामने आई है। इसमें उन्होंने अपनी प्रेमिका के लिए 100 मिलियन यूरो (905 करोड़ रुपए से अधिक) छोड़ गए हैं। बर्लुस्कोनी की संपत्ति 6 बिलियन यूरो से अधिक आंकी गई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मार्ता फासीना और बर्लुस्कोनी के रिश्ते की शुरुआत मार्च 2020 में हुई थी। बर्लुस्कोनी ने फासीना से कानूनी तौर पर शादी नहीं की थी। मरने से पहले उन्होंने फासीना को अपनी पत्नी बताया था। फासीना भी राजनीति में हैं। 2018 के आम चुनाव में वह इतालवी संसद के निचले सदन की सदस्य चुनी गईं थी। बर्लुस्कोनी ने 1994 में फोर्जा इटालिया नाम की पार्टी की स्थापना की थी। उस वक्त से ही फासीना इस पार्टी की सदस्य हैं।

मरीना और पियर सिल्वियो संभालेंगे व्यापारिक साम्राज्य
बर्लुस्कोनी के पांच बच्चे हैं। उनके व्यापारिक साम्राज्य को उनके दो सबसे बड़े बच्चे मरीना और पियर सिल्वियो संभालेंगे। दोनों पहले से ही कारोबार का नियंत्रण संभाल रहे हैं। इनके पास फिनइन्वेस्ट परिवार की हिस्सेदारी में 53 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी।

बर्लुस्कोनी ने भाई के लिए छोड़े 100 मिलियन यूरो
बर्लुस्कोनी ने अपने भाई पाओलो के लिए 100 मिलियन यूरो छोड़े। उन्होंने अपनी फोर्जा इटालिया पार्टी के पूर्व सीनेटर मार्सेलो डेल उट्री के लिए 30 मिलियन यूरो छोड़े। उन्हें माफिया के साथ संबंध के लिए जेल की सजा काटनी पड़ी थी।

दशकों तक इटली की राजनीति पर रहा बर्लुस्कोनी का असर
एक अरबपति मीडिया मुगल, व्यवसायी और प्रधानमंत्री के रूप में बर्लुस्कोनी ने दशकों तक इटली की राजनीति पर असर डाला। 12 जून को 86 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया था। उन्हें मिलान के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह ल्यूकेमिया से पीड़ित थे।