अमेरिका के वॉशिंगटन में भारी बारिश ने सड़कों को नदियों में तब्दील कर दिया। व्हाइट हाउस के आसपास सड़कों पर खड़ीं गाड़ियां पानी में डूब गईं। यहां एक घंटे में करीब 3.3 इंच पानी गिरा। 

वॉशिंगटन. यह नजारा भारत के किसी शहर का नहीं है, जहां सड़कों पर खड़ीं गाड़ियां पानी में डूब गई हों। विकसित कहे जाने वाले देश अमेरिका में भी ऐसे ही हालात देखने को मिले हैं। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन के अलावा वर्जीनिया और कोलंबिया में सोमवार को तेज बारिश के बाद बाढ़ आ गई। यहां के मौसम विभाग के मुताबिक, एक घंटे में करीब 3.3 इंच पानी बरसा। इससे शहर की सड़कें नहर में बदल गईं। मौसम विभाग ने मेट्रो क्षेत्र को बाढ़ आपातकाल घोषित कर दिया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

व्हाइट हाउस के बेसमेंट में जहां पत्रकारों के बैठने की व्यवस्था है, वो पानी में डूब गया। यूएस नेशनल रेल-रोड पैसेंजर कॉरपोरेशन ने खराब मौसम के कारण दक्षिण वॉशिंगटन में ट्रेनें रद्द कर दीं। जॉर्ज वॉशिंगटन पार्कवे के एक क्षेत्र में पानी भर गया। लिहाजा उसे बंद करना पड़ा। कोलंबिया जिले के कुछ क्षेत्र में बारिश-आंधी-तूफान के कारण एयरपोर्ट्स पर काफी नुकसान हुआ। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक ऐसे ही मौसम की आशंका जताई है।