US Midterm Election 2026: अमेरिका के 2026 मिडटर्म चुनाव में युवा वोटरों ने डेमोक्रेट्स का साथ दिया। 18-29 साल के 66% युवाओं ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को वोट दिया, जबकि रिपब्लिकन को 31% समर्थन मिला।

अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की राजनीति को लेकर युवाओं का रुख बदलता दिखाई दे रहा है। 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में युवा वोटरों के बीच रिपब्लिकन पार्टी ने अच्छी पकड़ बनाई थी, लेकिन 2026 के मिडटर्म चुनाव में तस्वीर काफी अलग नजर आई। 18 से 29 साल के मतदाताओं ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को खुलकर समर्थन दिया। शुरुआती चुनावी विश्लेषण के मुताबिक, युवाओं के बीच डेमोक्रेट्स को रिपब्लिकन पर 35 अंकों की बढ़त मिली है। यह बदलाव ट्रंप की पार्टी के लिए राजनीतिक चिंता का विषय बन सकता है।

अमेरिकी युवाओं ने डेमोक्रेट्स पर जताया भरोसा

टफ्ट्स यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर इन्फॉर्मेशन एंड रिसर्च ऑन सिविक लर्निंग एंड एंगेजमेंट (CIRCLE) के विश्लेषण के मुताबिक, 2026 के मिडटर्म चुनाव में 18 से 29 साल के 66 फीसदी युवाओं ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को वोट दिया। वहीं रिपब्लिकन उम्मीदवारों को 31 फीसदी समर्थन मिला। इस तरह डेमोक्रेट्स को 35 अंकों की बढ़त हासिल हुई।

यह भी पढ़ें: अब होटल-अस्पताल में नहीं देनी होगी आधार की फोटोकॉपी! UIDAI ने बदल दिया पूरा सिस्टम

दो साल में 14 से बढ़कर 35 अंकों का अंतर

2024 के राष्ट्रपति चुनाव में युवा मतदाताओं के बीच डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों की बढ़त महज 14 अंकों तक सिमट गई थी। लेकिन 2026 में यह अंतर बढ़कर 35 अंक हो गया। यानी दो साल के भीतर युवा वोटरों के चुनावी रुझान में बड़ा बदलाव आया है।

युवा पुरुषों और महिलाओं ने भी बदला रुख

इस बदलाव की खास बात यह है कि डेमोक्रेट्स को केवल युवा महिलाओं का ही नहीं, बल्कि पुरुषों का भी समर्थन मिला। CIRCLE के आंकड़ों के अनुसार, 70 फीसदी युवा महिलाओं और 59 फीसदी युवा पुरुषों ने डेमोक्रेटिक हाउस उम्मीदवारों को वोट दिया। श्वेत युवाओं में भी डेमोक्रेट्स को 61 फीसदी समर्थन मिला, जबकि रिपब्लिकन को 36 फीसदी वोट मिले।

टेक्सास से जॉर्जिया तक दिखा डेमोक्रेट्स का असर

टेक्सास में जेम्स टालारिको को 76 फीसदी युवा मतदाताओं का समर्थन मिला, जबकि गवर्नर उम्मीदवार जीना हिनोजोसा को 73 फीसदी वोट मिले। जॉर्जिया में कीशा लांस बॉटम्स को करीब 76 फीसदी युवा समर्थन मिला। ओहायो में भी डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों को युवाओं का मजबूत साथ मिला।

क्या ट्रंप के लिए खतरे की घंटी है Gen Z?

युवाओं के इस रुझान को रिपब्लिकन पार्टी के लिए चेतावनी माना जा रहा है। हालांकि, केवल इन आंकड़ों के आधार पर यह कहना जल्दबाजी होगी कि सभी युवा ट्रंप से नाराज हैं। CIRCLE के मुताबिक, 2026 में युवाओं की मतदान भागीदारी करीब 27 फीसदी रही। युवा मतदाताओं ने अमेरिकी राजनीति में अपनी अहम भूमिका जरूर दिखाई है। आने वाले चुनावों में यह रुझान कितना कायम रहता है, इस पर सबकी नजर रहेगी।

यह भी पढ़ें: Unnao Shocker: बेटी का हत्यारोपी बना मां का हमसफर, दामाद के साथ सास फरार!