पाकिस्तान के पूर्व मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने प्रियंका गांधी के 'फिलिस्तीन' लिखे बैग की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सांसदों में ऐसी हिम्मत नहीं है। प्रियंका यह बैग फिलिस्तीन के साथ एकजुटता दिखाने के लिए संसद लेकर आईं थीं।

वर्ल्ड डेस्क। पाकिस्तान के पूर्व मंत्री चौधरी फवाद हुसैन ने फिलिस्तीन लिखा बैग लेकर संसद आने के लिए कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि जवाहरलाल नेहरू जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी की पोती ही ऐसा कर सकती हैं। फवाद ने कहा कि पाकिस्तान के सांसदों में ऐसी पहल करने की हिम्मत नहीं है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

Scroll to load tweet…

इमरान खान की सरकार में मंत्री रहे फवाद ने X पर पोस्ट किया, "जवाहरलाल नेहरू जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी की पोती से हम और क्या उम्मीद कर सकते हैं? प्रियंका गांधी बौनों के बीच खड़ी हो गई हैं। शर्म की बात है कि आज तक किसी पाकिस्तानी सांसद ने ऐसी हिम्मत नहीं दिखाई। धन्यवाद।"

फिलिस्तीन लिखा बैग लेकर संसद आईं थीं प्रियंका गांधी

बता दें कि 16 दिसंबर को प्रियंका गांधी "फिलिस्तीन" लिखा बैग लेकर संसद आईं थीं। इस तरह उन्होंने फिलिस्तीनी लोगों के साथ एकजुटता दिखाई थी। बैग पर तरबूज और दूसरे चित्र छपे थे। तरबूज मध्यपूर्व में प्रतिरोध का प्रतीक है।

इस साल जून की शुरुआत में प्रियंका गांधी ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था कि इजरायल सरकार गाजा में "नरसंहारकारी कार्रवाई" कर रही है। उन्होंने नेतन्याहू और उनकी सरकार पर "बर्बरता" करने का आरोप लगाया था।

गौरतलब है कि 7 अक्टूबर 2023 को फिलिस्तीनी संगठन हमास ने इजरायल पर अब तक का सबसे भीषण हमला किया था। इसके चलते इजरायल में करीब 1200 लोग मारे गए थे। दो सौ से अधिक लोगों को हमास ने बंधक बना लिया था। इसके बाद इजरायल ने गाजा पट्टी पर हमला शुरू किया था। इन हमलों के चलते गाजा में 41 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है।

यह भी पढ़ें- 'फिलिस्तीन' लिखा बैग लेकर संसद आईं प्रियंका गांधी, भाजपा ने कही ये बात