Zohran Mamdani: भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क शहर के मेयर चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने पूर्व गवर्नर एंड्र्यू कुओमो को हराकर इतिहास रच दिया।
Zohran Mamdani: भारतीय मूल के जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क शहर के मेयर चुनाव में बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने पूर्व गवर्नर एंड्र्यू कुओमो को हराकर इतिहास रच दिया। वहीं, वर्जीनिया में अबीगेल स्पैनबर्गर ने जीत दर्ज की है और वे राज्य की पहली महिला गवर्नर बनी हैं। इसके अलावा, न्यू जर्सी में भी मिकी शेरिल ने गवर्नर का चुनाव जीत लिया है। जोहरान ममदानी ने आज सुबह अपनी जीत की घोषणा की।
1 जनवरी को संभालेंगे पद
34 साल के जोहरान ममदानी डेमोक्रेटिक पार्टी से हैं और उनके माता-पिता भारत और युगांडा से हैं। वे न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर बनने जा रहे हैं। इसके साथ ही, जोहरान ममदानी पहले ऐसे मेयर बनेंगे जिनकी जड़ें अफ्रीका और दक्षिण एशिया दोनों से जुड़ी हैं। वे 1 जनवरी को पद संभालेंगे, और इस तरह वे न्यूयॉर्क के पिछले 100 वर्षों में सबसे युवा मेयर बनकर एक नया इतिहास रचेंगे।
कौन हैं जोहरान ममदानी?
जोहरान ममदानी का जन्म 18 अक्टूबर 1991 को युगांडा में हुआ था। उनके माता-पिता मशहूर भारतीय फिल्ममेकर मीरा नायर और युगांडाई विद्वान महमूद ममदानी हैं। ममदानी बचपन में ही स्कूल के दौरान न्यूयॉर्क सिटी आ गए थे और साल 2018 में उन्होंने अमेरिकी नागरिकता प्राप्त की। उन्होंने साल 2017 में डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट्स ऑफ अमेरिका में शामिल होकर राजनीति की शुरुआत की। 2020 में उन्होंने डेमोक्रेटिक प्राइमरी जीती और न्यूयॉर्क राज्य विधानसभा में क्वींस के 36वें जिले का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद उन्हें 2022 और 2024 में बिना किसी विरोध के दोबारा चुना गया। ममदानी की शादी सीरियाई-अमेरिकी कलाकार रमा दुबाजी से हुई है।
