इजरायल और ईरान के बीच लड़ाई छठे दिन भी जारी। ईरान ने फत्ताह-1 मिसाइल दागने का दावा किया, जबकि इजरायल ने तेहरान के पास हवाई हमले किए। दोनों देशों में अब तक सैकड़ों लोग मारे गए हैं।

Israel Iran Conflict: इजरायल और ईरान के बीच हो रही लड़ाई बुधवार को छठे दिन और भी तेज हो गई। दोनों पक्ष ने एक-दूसरे पर मिसाइलों से हमले किए। बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने ​​दावा किया कि उसने इजराइल पर Fattah-1 हाइपरसोनिक मिसाइल दागी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बुधवार को ईरान की ओर से सुबह-सुबह मिसाइल हमलों के बाद तेल अवीव में विस्फोटों की खबरें आईं। दूसरी ओर तेहरान के निकट इजरायली हवाई हमले जारी रहे। सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। इस लड़ाई में अब तक ईरान में 585 लोगों के मारे जाने की खबर है। वहीं, इजरायल में 24 की जान गई है। तेल अवीव में गिराए 400 ईरानी मिसाइल गिराए गए हैं।

इजराइल-ईरान जंग से जुड़े टॉप 5 घटनाक्रम

1- बीबीसी के अनुसार, IRGC ने दावा किया है कि उसने बुधवार को इजरायल पर Fattah-1 मिसाइल दागी। इससे पहले ईरान ने 1 अक्टूबर 2024 को इजरायल पर हमले के दौरान कई फत्ताह-1 मिसाइल दागे थे। इससे पहले बुधवार को ईरान ने इजराइल पर मिसाइल हमलों की दो लहरें चलाईं। मुख्य निशाना तेल अवीव था। यहां कई विस्फोट के आवाज सुने गए। जवाब में इजराइली वायु सेना ने ईरान की राजधानी तेहरान के पास हवाई हमले किए।

2- न्यूज एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस ने बुधवार को ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के एक सूत्र के हवाले से बताया कि पिछले शुक्रवार से ईरान में इजरायली हवाई हमलों में 585 लोग मारे गए हैं। 1,326 लोग घायल हुए हैं। दूसरी ओर इजरायली आपातकालीन विभाग ने बताया कि ईरानी हमलों के कारण अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है। 1,300 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

पिछले शुक्रवार को इजरायल ने ईरान पर हमला किया था। इससे लड़ाई की शुरुआत हुई है। ईरान ने तेल अवीव और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के ऑफिस की ओर 400 से ज्यादा मिसाइलें और सैकड़ों ड्रोन दागे। इन हमलों ने पूरे इजरायल में 40 जगहों को निशाना बनाया। 3,800 से ज्यादा लोगों को घर खाली करना पड़ा है।

3- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर कई आक्रामक पोस्ट किए, जिनमें ईरान के नेतृत्व को चेतावनी दी गई। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के छिपने की जगह जानता है। ट्रंप ने कहा, "हम उसे खत्म नहीं करेंगे (मारेंगे!)- कम से कम अभी तो नहीं। हमारा धैर्य खत्म हो रहा है।" उन्होंने ईरान से "बिना शर्त आत्मसमर्पण!" की मांग की।

अमेरिका ने मध्य पूर्व में अतिरिक्त लड़ाकू विमान तैनात किए हैं। पहले से चल रहे कुछ हवाई अभियानों को बढ़ा दिया गया है। अमेरिकी लड़ाकू विमान लगातार हवाई गश्त कर रहे हैं।

4- अयातुल्ला अली खामेनेई ने ट्रंप के अल्टीमेटम के बाद बयान जारी किया। उन्होंने जवाबी कार्रवाई की कसम खाई। ईरान इंटरनेशनल ने उनका बयान पोस्ट किया। खामेनेई ने कहा, "हमें आतंकवादी जायोनी शासन को कड़ी प्रतिक्रिया देनी चाहिए। हम जायोनीवादियों पर कोई दया नहीं दिखाएंगे"।

5- ईरान के अंतिम राजा के बेटे और निर्वासित विपक्षी नेता रेजा पहलवी ने बढ़ते संघर्ष के बीच सत्ता परिवर्तन की मांग की। उन्होंने दावा किया कि खामेनेई जमीन के नीचे छिप गए हैं। पहलवी ने बयान में कहा, “एक डरे हुए चूहे की तरह, खामेनेई ने स्थिति पर नियंत्रण खो दिया है।”