इस्तांबुल में रविवार को हुए बम धमाके (Istanbul Blast) की जांच के दौरान पता चला है कि इसे एक महिला आतंकी ने अंजाम दिया था। बम धमाका करने वाली महिला से दो पुरुष हमलावर जुड़े हुए थे। 

इस्तांबुल। तुर्की के इस्तांबुल में रविवार को बम धमाके (Istanbul Blast) में 6 लोगों की मौत हुई थी और 81 लोग घायल हो गए थे। अब जानकारी सामने आई है कि इस्तांबुल के प्रसिद्ध इस्तिकलाल शॉपिंग स्ट्रीट पर हुए धमाके में एक महिला आतंकी शामिल थी। उसी महिला ने बम धमाका किया था। पुलिस ने 22 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनमें से एक संदिग्ध ऐसा है, जिसपर बम प्लांट करने का संदेह है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

तुर्की के उप-राष्ट्रपति फुअत ओकटे ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसा संदेह है कि एक महिला आतंकवादी ने बम विस्फोट किया था। अभी तक किसी आतंकी संगठन ने बम विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है। तुर्की के जस्टिस मिनिस्टर बेकिर बोजदाग ने कहा कि एक महिला को लगभग 40 मिनट तक एक बेंच पर बैठे देखा गया। वह विस्फोट से कुछ मिनट पहले चली गई थी। महिला के साथ दो पुरुष हमलावर भी जुड़े हैं।

आ रही आतंकी हमले की गंध 
तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने कहा है कि हमले के पीछे आतंकवाद की गंध आ रही है। इसके लिए जिम्मेदार अपराधियों को ढूंढ लिया जाएगा। जल्द अपराधियों को न्याय के कठघरे में लाया जाएगा। एर्दोगन ने कहा, "मैं बम हमले में मारे गए हमारे भाइयों पर ईश्वर की दया, उनके रिश्तेदारों के लिए धैर्य और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

यह भी पढ़ें- इस्तांबुल में बड़ा धमाका: कुछ देर पहले इस स्ट्रीट पर खुशियां थी आबाद, अचानक चीखों के बीच मौत का मातम पसर गया

भारत ने जताया दुख
इस्तांबुल में बम विस्फोट और छह लोगों के मारे जाने पर भारत ने दुख जताया है। भारत की ओर से जानमाल की हानि के लिए तुर्की की सरकार और वहां के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने ट्वीट किया कि इस्तांबुल में हुए विस्फोट में जनहानि पर भारत सरकार तुर्की के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है। हमारी सहानुभूति उन लोगों के साथ है जो घायल हुए हैं। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।

यह भी पढ़ें- बम धमाके से दहला तुर्की का इस्तांबुल, जानें दुनिया के 5 सबसे बड़े आतंकी हमलों के बारे में