प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूयॉर्क में प्रवासी भारतीयों को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में देवी श्री प्रसाद, हनुमानकाइंड और आदित्य गढ़वी ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। 

न्यूयॉर्क। अमेरिका की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi US Visit) ने रविवार को न्यूयॉर्क में प्रवासी भारतीय समुदाय को संबोधित किया। इसके लिए नासाउ कोलिजियम में ‘मोदी और अमेरिका’ (Modi and US) कार्यक्रम आयोजित किया गया था। नरेंद्र मोदी को सुनने के लिए पूरे अमेरिका से करीब 15000 प्रवासी भारतीय आए थे।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

लोगों ने पूरे जोश के साथ नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। इस दौरान लोकप्रिय कलाकार देवी श्री प्रसाद, हनुमानकाइंड और आदित्य गढ़वी ने परफॉर्म किया। प्रसिद्ध हिप-हॉप सिंगर हनुमानकाइंड ने लोगों को झुमाया। वहीं, देवी श्री प्रसाद और आदित्य गढ़वी ने अपने सुर से समा बांध दिया। आदित्य गढ़वी ने अपने सुपरहिट ट्रैक "खलासी" से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 'तिरंगा हर घर...' गीत पूरा होने के बाद पीएम कलाकारों से मिले और उन्हें गले लगाया। यह पहली बार था जब इन सितारों ने एक साथ एक ही मंच पर परफॉर्म किया। यह दर्शकों के लिए एक यादगार अनुभव था।

Scroll to load tweet…

न्यूयॉर्क में प्रवासी भारतीयों से पीएम मोदी ने कही ये 10 खास बातें

  1. "बहुत जल्द, आप भारत में भी ओलंपिक देखेंगे। हम 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।"
  2. "आज भारत का 5G बाजार अमेरिका से भी बड़ा है। यह दो साल में हुआ है। अब भारत मेड इन इंडिया 6G पर काम कर रहा है।"
  3. "मैंने हमेशा से प्रवासी भारतीयों की क्षमताओं को समझा है। आप सभी हमेशा से मेरे लिए भारत के मजबूत ब्रांड एंबेसडर रहे हैं। इसी वजह से मैं आपलोगों को राष्ट्रदूत कहता हूं।"
  4. "वह दिन दूर नहीं जब आप अमेरिका में भारत में बने चिप देखेंगे। ये छोटी सी चिप भारत के विकसित भारत की उड़ान को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। ये मोदी की गारंटी है।"
  5. "आज जब भारत ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर कुछ कहता है तो दुनिया सुनती है। कुछ समय पहले जब मैंने कहा था कि यह युद्ध का युग नहीं है तो इसकी गंभीरता सभी ने समझी। दुनिया में कहीं भी संकट हो तो भारत सबसे पहले मदद पहुंचाने वाले देश के रूप में उभर रहा है।"
  6. "भारत की प्राथमिकता दुनिया में अपना दबाव बढ़ाना नहीं, बल्कि अपना प्रभाव बढ़ाना है। हम आग की तरह जलाने वाले नहीं, सूरज की किरण की तरह रोशनी देने वाले हैं। हम विश्व में अपना वर्चस्व नहीं चाहते, बल्कि विश्व की समृद्धि में सहयोग बढ़ाना चाहते हैं।"
  7. "मेरे लिए AI का मतलब अमेरिकन इंडियन हैं। यह भावना भारत-अमेरिका संबंधों को नई ऊंचाई पर ले जा रही है।"
  8. "भारत अब अवसरों का देश है। अब भारत अवसरों का इंतजार नहीं करता, बल्कि अवसर तैयार करता है। पिछले 10 साल में भारत ने हर क्षेत्र में अवसरों के द्वार खोले हैं।"
  9. "भारत ने ग्रीन ट्रांजिशन का रास्ता चुना है। प्रकृति के प्रति प्रेम की हमारी परंपरा ने हमारा मार्गदर्शन किया है। हम सौर और पवन ऊर्जा पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। भारत पेरिस जलवायु लक्ष्यों को प्राप्त करने वाला पहला G20 देश है।"
  10. “हर आकांक्षा नई उपलब्धि को जन्म दे रही है। एक दशक में भारत अर्थव्यवस्था के मामले में 10वें स्थान से 5वें स्थान पर पहुंच गया है। अब, हर भारतीय चाहता है कि यह तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बने।”

यह भी पढ़ें- US में मोदी ने भारतीयों से कहा-कोई समंदर हमें दूर नहीं कर सकता, 10 बड़ी बातें