Sunita Williams Return: सुनीता विलियम्स 9 महीने बाद धरती पर लौट रहीं है। उनका यान ISS से अलग हो गया है। जानिए, कब और कैसे अंतरिक्षयान पानी में उतरेगा।

Sunita Williams Return: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर 9 महीने के मिशन के बाद धरती पर लौट रहे हैं। उनका अंतरिक्ष यान (SpaceX Crew Dragon spacecraft) ISS (International Space Station) से अलग हो गया है। उनके साथ अंतरिक्ष यात्री निक हेग और रूसी अंतरिक्ष यात्री अलेक्सांद्र गोरबुनोव भी धरती पर लौट रहे हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

विलियम्स और विल्मोर को 5 जून 2024 को नासा ने बोइंग के स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट से ISS भेजा गया था। प्रोपल्शन सिस्टम में खराबी सहित तकनीकी समस्याओं के चलते वे ISS पर फंस गए थे। स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट को सितंबर 2024 में बिना अंतरिक्ष यात्रियों के लौटाया गया था।

सुनीता विलियम्स को घरती पर आने में लगेंगे 17 घंटे

सुनीता विलियम्स समेत अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर आ रहे क्रू ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट को धरती पर उतरने में 17 घंटे लगेंगे। अनडॉक होने के बाद अंतरिक्ष यान ISS से दूर चला गया। वह धरती की ओर तेजी से बढ़ रहा है। जैसे ही यह पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करने के करीब पहुंचेगा अपने ट्रंक को नीचे गिरा देगा। अंतरिक्ष से धरती के वायुमंडल में प्रवेश करने के समय घर्षण के चलते बहुत अधिक तापमान पैदा होता है। अंतरिक्ष यान को इससे बचाने के लिए हीट शिल्ड लगाए जाते हैं। धरती के वायुमंडल में प्रवेश के समय स्पेसक्राफ्ट की रफ्तार हजारों किलोमीटर प्रति घंटे की होगी। इसे धीमा करने की जरूरत होगी। इसके लिए अंतरिक्ष यान अपने चारों पैराशूट खोलेगा।

पानी में क्यों उतरेगा सुनीता विलियम्स का अंतरिक्षयान

अंतरिक्ष यान को धरती पर वापस लाते समय जमीन पर नहीं उतारा जाता। उसे पानी में गिराया जाता है ताकि अंतरिक्ष यात्रियों को कम झटका लगे। सुनीता विलियम्स के अंतरिक्षयान के साथ भी ऐसा ही होगा। ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट को सावधानीपूर्वक फ्लोरिडा के तट पर पानी में उतारा जाएगा। 19 मार्च को भारतीय समयानुसार सुबह 3:27 बजे इसकी लैंडिंग की की संभावना है। SpaceX का एक रिकवरी शिप लैंडिंग के तुरंत बाद विलियम्स, विल्मोर और उनके साथियों को वापस लाने के लिए स्टैंडबाय पर रहेगा।