Pahalgam Attack: तुर्की ने भूकंप के दौरान भारत की मदद ली, लेकिन अब पाकिस्तान को हथियार दे रहा है। क्या यह दोस्ती का धोखा है? हथियारों की सप्लाई से तनाव बढ़ सकता है।

India Pakistan Tensions: बात फरवरी 2023 की है। तुर्की में आए भीषण भूकंप ने कहर ढाया था। हजारों लोग मलबे में दबकर मर गए थे। ऐसे मुश्किल वक्त में भारत ने मदद की। इंडियन एयरफोर्स का विमान C17 ग्लोबमास्टर दवाएं, राशन और अन्य राहत सामग्री लेकर पहुंचा। भारत ने भूकंप पीड़ितों के इलाज के लिए अस्पताल चलाया था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

अब जब जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला किए जाने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बहुत अधिक बढ़ गया है तो तुर्की ने बड़ी गद्दारी की है। तुर्की की वायुसेना के विमान खतरनाक हथियार लेकर पाकिस्तान आए हैं।

हथियार और सैन्य उपकरण लेकर आए तुर्की के C-130 हरक्यूलिस विमान

तुर्की की वायुसेना का एक C-130 हरक्यूलिस सैन्य परिवहन विमान रविवार को कराची में उतरा। इसमें हथियार और लड़ाई से जुड़े उपकरण थे। कराची में पाकिस्तान का बड़ा नेवल बेस है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तान और तुर्की के बीच रक्षा सहयोग बेहद गहरा है। यही वजह है कि उसने पाकिस्तान को हथियारों और सैन्य उपकरणों की सप्लाई की है।

कराची के अलावा, तुर्की के 6 सी-130 विमान इस्लामाबाद में एक सैन्य अड्डे पर उतरे हैं। इससे साफ पता चल रहा है कि पाकिस्तान को तुर्की से सैन्य मदद मिल रही है। तुर्की और पाकिस्तानी दोनों स्रोतों ने सैन्य सामानों के लेनदेन की पुष्टि की है। हालांकि, यह नहीं बताया गया है कि किस तरह के उपकरण या हथियार भेजे गए हैं।

सीमाओं पर संसाधन जुटा रहा पाकिस्तान

तुर्की ऐसे समय में पाकिस्तान के साथ खड़ा है जब क्षेत्रीय अस्थिरता बढ़ रही है। चीन ने पाकिस्तान को ड्रोन दिए हैं। पाकिस्तान इस समय सीमाओं पर संसाधन जुटा रहा है। पाकिस्तान की वायु सेना ने भारत के साथ बढ़ते तनाव के जवाब में पेन्सी, स्कार्दू और स्वात सहित प्रमुख हवाई ठिकानों को सक्रिय कर दिया है। इन ठिकानों पर F-16, J-10 और JF-17 लड़ाकू विमानों को तैनात किया गया है। लड़ाकू विमान हवाई गश्त कर रहे हैं।