GLOBAL HONOUR: क्या यह सिर्फ सम्मान है या भारत-अफ्रीका रिश्तों का नया अध्याय? पीएम मोदी को मिला इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रेट ऑनर निशां’। वे यह सम्मान पाने वाले पहले ग्लोबल लीडर बने। जानिए दौरे की बड़ी बातें।
PM Modi Ethiopia Highest Honour: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इथियोपिया में ऐसा इतिहास रच दिया है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है। इथियोपिया ने पीएम मोदी को अपना सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशां ऑफ इथियोपिया’ प्रदान किया है। खास बात यह है कि नरेंद्र मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले ग्लोबल लीडर बन गए हैं। इस सम्मान को लेकर खुद पीएम मोदी ने कहा कि यह उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। पीएम मोदी इस समय इथियोपिया के दो दिवसीय राजकीय दौरे पर हैं और आज उनके दौरे का दूसरा दिन है।
आखिर पीएम मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान क्यों मिला?
यह सवाल हर किसी के मन में है कि आखिर इथियोपिया ने पीएम मोदी को इतना बड़ा सम्मान क्यों दिया। दरअसल, भारत और इथियोपिया के रिश्ते दशकों पुराने हैं। पीएम मोदी ने अफ्रीका के साथ साझेदारी को हमेशा “जरूरत आधारित और सम्मानजनक” बताया है। इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने भी इसी सोच की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि मोदी की सोच अफ्रीका के विकास से जुड़ी हुई है, न कि केवल व्यापार तक सीमित।
द्विपक्षीय बैठक में क्या-क्या अहम बातें हुईं?
कल इथियोपिया के नेशनल पैलेस में प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने पीएम मोदी का औपचारिक स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक हुई। बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि यह उनका पहला इथियोपिया दौरा है, लेकिन यहां पहुंचते ही उन्हें अपनापन महसूस हुआ। इस बैठक में व्यापार, निवेश, शिक्षा, आतंकवाद और भविष्य की साझेदारी जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

जब पीएम अली खुद कार चलाकर मोदी को होटल ले गए, तो क्या संकेत मिला?
इस दौरे का सबसे दिलचस्प और चर्चा में रहने वाला पल तब आया, जब इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली खुद पीएम मोदी को एयरपोर्ट से होटल ले गए। उन्होंने खुद कार चलाई और रास्ते में मोदी को साइंस म्यूजियम और मैत्री पार्क भी दिखाया। एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं के बीच अनौपचारिक बातचीत भी हुई और पीएम अली ने मोदी को पारंपरिक इथियोपियाई कॉफी भी पिलाई। यह दृश्य दोनों देशों के मजबूत और भरोसेमंद रिश्तों को दर्शाता है।
भारत और इथियोपिया के बीच व्यापार कितना मजबूत है?
भारत आज इथियोपिया का दूसरा सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर है। साल 2023-24 में दोनों देशों के बीच करीब 5175 करोड़ रुपये का व्यापार हुआ। इसमें भारत ने 4433 करोड़ रुपये का निर्यात किया, जबकि इथियोपिया ने 742 करोड़ रुपये का निर्यात भारत को किया। इथियोपिया भारत से लोहा, स्टील, दवाइयां, फार्मास्युटिकल्स और मशीनरी आयात करता है। वहीं भारत, इथियोपिया से दालें, कीमती पत्थर, चमड़ा, मसाले और बीज आयात करता है।
क्या शिक्षा और निवेश में भी बढ़ेगा सहयोग?
बैठक के दौरान पीएम मोदी ने इथियोपिया के छात्रों के लिए स्कॉलरशिप दोगुना करने का ऐलान किया। वहीं पीएम अली ने बताया कि इथियोपिया में 615 से ज्यादा भारतीय कंपनियां निवेश कर रही हैं और भारत यहां सबसे बड़ा निवेशक बनकर उभरा है।

इथियोपिया दौरा क्या संकेत देता है?
पीएम मोदी का यह दौरा सिर्फ सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत और अफ्रीका के रिश्तों में एक नए अध्याय की शुरुआत का संकेत देता है। सम्मान, भरोसा, व्यापार और सहयोग-सब एक साथ आगे बढ़ते दिख रहे हैं।


