Russia Ukraine War: पुतिन ने ट्रंप से बातचीत के बाद यूक्रेन युद्ध खत्म करने की इच्छा जताई। शांति समझौते और युद्ध विराम की शर्तों पर चर्चा की संभावना। यूक्रेन, EU और अमेरिका 30 दिन के युद्ध विराम की मांग कर रहे हैं।

Russia Ukraine War: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच सोमवार को फोन पर दो घंटे तक बातचीत हुई। इसके बाद पुतिन ने मीडिया से कहा कि रूस यूक्रेन के साथ चल रही लड़ाई खत्म करने के लिए तैयार है। यह जंग तीन साल से चल रही है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुतिन ने कहा, "हम अमेरिका के राष्ट्रपति के साथ सहमत हुए हैं कि रूस प्रस्ताव करेगा और संभावित भविष्य के शांति समझौते पर यूक्रेनी पक्ष के साथ काम करने के लिए तैयार है। इसमें कई पोजिशन को परिभाषित किया जाएगा। जैसे समझौते के सिद्धांत और संभावित शांति समझौते का समय।"

पुतिन ने कहा कि शांति की ओर बढ़ने के लिए युद्ध विराम की शर्तें तय करनी होगी। यह भी तय करना होगा कि युद्ध विराम कितने समय के लिए होगा। दूसरी ओर यूक्रेन, यूरोपियन यूनियन और अमेरिका ने रूस से आग्रह किया है कि वह तत्काल 30 दिन का बिना शर्त युद्ध विराम स्वीकार करे।

ट्रंप ने कहा-युद्ध विराम पर बात करने को तैयार रूस-यूक्रेन

डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया कि पुतिन के साथ दो घंटे की बातचीत के बाद रूस और यूक्रेन युद्ध विराम और युद्ध की संभावित समाप्ति के लिए तत्काल वार्ता शुरू करने के लिए तैयार हैं। ट्रंप ने बातचीत को बेहद रचनात्मक बताया। कहा, "मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छी रही। दोनों देश अब संघर्ष के अंतिम समाधान तक पहुंचने के लिए चर्चा शुरू करेंगे।"

रूस ने फरवरी 2022 में किया था यूक्रेन पर आक्रमण

बता दें कि रूस ने फरवरी 2022 में यूक्रेन पर आक्रमण किया था। इसके बाद से दोनों देशों के बीच लड़ाई चल रही है। World War 2 के बाद यह यूरोप में हो रही सबसे बड़ी जंग है। इससे पहले रूस ने 2014 में यूक्रेन के क्रीमिया पर कब्जा करने तथा यूक्रेन के पूर्वी डोनबास क्षेत्र में अलगाववादी आंदोलनों को समर्थन देने के बाद वर्षों से चले आ रहे तनाव के बाद किया गया था। रूस ने दावा किया कि वह यूक्रेन को सैन्य मुक्त करने और पूर्व में रूसी भाषी आबादी की रक्षा के लिए "विशेष सैन्य अभियान" चला रहा है।