रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने ईस्टर पर एकतरफा युद्धविराम का ऐलान किया है। उन्होंने रूसी सेना को शनिवार रात से रविवार तक हमले रोकने का आदेश दिया, लेकिन चेतावनी भी दी कि उकसावे पर जवाब दिया जाएगा।

Russia Ukraine War: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने शनिवार को यूक्रेन में ईस्टर के अवसर पर एकतरफा युद्धविराम का आदेश दिया है। उन्होंने रूसी सेनाओं को शनिवार रात 8.30 बजे (भारतीय समयानुसार) से रविवार के अंत तक हमले नहीं करने का आदेश दिया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पुतिन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यूक्रेन रूस द्वारा किए गए युद्धविराम का अनुसरण करेगा। उन्होंने जनरल स्टाफ के प्रमुख वालेरी गेरासिमोव को निर्देश दिया कि सैनिकों को स्टैंडबाय पर रखें। यूक्रेन अगर युद्धविराम का उल्लंघन करता है तो उसे जवाब दिया जाएगा।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार पुतिन ने कहा, "मानवीय विचारों के आधार पर रूसी पक्ष ईस्टर युद्धविराम की घोषणा करता है। मैं इस अवधि के लिए सभी सैन्य गतिविधियों को रोकने का आदेश देता हूं। हमें उम्मीद है कि यूक्रेन हमारे उदाहरण का अनुसरण करेगा। हमारे सैनिकों को युद्धविराम के संभावित उल्लंघन और दुश्मन द्वारा उकसावे की आक्रामक कार्रवाई का जवाब देने के लिए तैयार रहना चाहिए।"

डोनाल्ड ट्रंप कर रहे रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध विराम की कोशिश

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूस और यूक्रेन की लड़ाई खत्म कराने की कोशिश कर रहे हैं। वह दोनों देशों के बीच युद्ध विराम के लिए प्रयास कर रहे हैं। इस बीच पुतिन द्वारा एकतरफा अस्थायी युद्ध विराम की घोषणा किए जाने को उनके प्रयास के लिए अहम माना जा रहा है।

ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो शांति वार्ता की धीमी गति से परेशान हैं। शुक्रवार को रुबियो ने कहा कि अगर शांति वार्ता में जल्द कई फैसला नहीं होता है तो अमेरिका अपनी कोशिशें छोड़ देगा। उन्होंने साफ कहा कि यह लड़ाई अमेरिका की नहीं है। अमेरिका ने इसे शुरू नहीं किया।

पहली बार नहीं रखा गया ईस्टर युद्धविराम का प्रस्ताव

यह पहली बार नहीं है जब युद्ध में लड़ाई रोकने के लिए "ईस्टर युद्धविराम" का प्रस्ताव रखा गया है। 2022 में रूस ने यूक्रेन आक्रमण शुरू करने के कुछ ही महीनों बाद 21 से 25 अप्रैल के बीच युद्धविराम का प्रस्ताव रखा था, लेकिन यह सफल नहीं हुआ।

जेलेंस्की ने कहा- इंसान के जीवन से खेल रहे हैं पुतिन

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने व्लादिमीर पुतिन पर "मानव जीवन के साथ खेलने" का आरोप लगाया है। कहा कि पिछले एक घंटे में यूक्रेन में हवाई हमले की चेतावनी सुनी गई है। रूसी हमलावर ड्रोन हमारे आसमान में देखे गए। इसके बाद एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिवेट किया गया। हमारे आसमान में रूसी ड्रोन ईस्टर और मानव जीवन के प्रति पुतिन के असली रवैये को दर्शाते हैं।

रूस ने बैलिस्टिक मिसाइलों से किया हमला, मारे गए 34 लोग

इस सप्ताह की शुरुआत में रूस ने दो बैलिस्टिक मिसाइलों ने उत्तरी यूक्रेनी शहर सुमी के मध्य भाग पर हमला किया था। इसके चलते 34 लोग मारे गए थे और 117 घायल हुए थे। यह 2025 में यूक्रेन में हुआ सबसे घातक हमला था।

हमले के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की। कहा, "यह हमला इस बात की दुखद याद दिलाता है कि राष्ट्रपति ट्रंप और उनका प्रशासन इस युद्ध को समाप्त करने के लिए इतना समय और प्रयास क्यों लगा रहा है।"

अमेरिका ने मार्च के अंत में कहा था कि वह रूस और यूक्रेन के साथ दो युद्धविराम समझौतों पर सहमत हो गया है। इसमें एक ऐसा समझौता है जिससे दोनों देश एक दूसरे के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हमला नहीं करेंगे। दोनों पक्षों ने बार-बार एक दूसरे पर प्रतिबंधों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है।