रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, यूरोप अगर युद्ध चाहता है तो रूस पूरी तरह तैयार है। उन्होंने यूरोपीय देशों पर यूक्रेन शांति प्रक्रिया में बाधा डालने का भी आरोप लगाया। साथ ही ये भी कहा कि यूरोप ऐसी शर्तें थोपना चाहता है, जो रूस को मंजूर नहीं हैं।  

मॉस्को/नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को कहा कि अगर यूरोप चाहता है तो रूस युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि यूरोपीय देश यूक्रेन के साथ शांति समझौते की राह में रोड़ा बन रहे हैं। बता दें कि पुतिन की यह धमकी कुछ दिनों पहले उनके उस लिखित आश्वासन देने वाले बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने यूरोप पर हमला न करने प्रॉमिस किया था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

युद्ध रोकने की कोशिशों में यूरोपीय नेता बन रहे रुकावट

यह कमेंट ऐसे वक्त पर आया है, जब डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर करीब 4 साल से चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए हाई-स्टेक बातचीत के लिए मॉस्को में थे। इससे पहले कई दिनों तक गहरी डिप्लोमेसी चली थी। पुतिन ने मॉस्को में रिपोर्टरों से कहा, "हम यूरोप के साथ युद्ध करने का प्लान नहीं बना रहे हैं, लेकिन अगर यूरोप चाहता है और शुरू करता है, तो हम भी तैयार हैं।" पुतिन ने कहा, "उनका कोई शांतिपूर्ण एजेंडा नहीं है, वे युद्ध के पक्ष में हैं। उन्होंने अपना यह दावा एक बार फिर दोहराया कि यूरोपियन नेता यूक्रेन में शांति स्थापित करने की अमेरिका की कोशिशों में रुकावट डाल रहे हैं।

यूरोपीय देशों को सता रहा इस बात का डर

पुतिन ने आगे कहा, युद्ध खत्म करने के लिए ट्रंप के नए प्लान में यूरोपीय देशों द्वारा किए जा रहे बदलावों का मकसद सिर्फ एक ही था, शांति प्रक्रिया को पूरी तरह से रोकना और ऐसी मांगें रखना जो रूस को कतई मंजूर नहीं हैं। ऐसा करके यूरोप रूस पर शांति के पक्ष में न होने का आरोप मढ़ सकेगा। अमेरिका ने लड़ाई खत्म करने के लिए 28 पॉइंट का एक ड्राफ्ट पेश किया है, जिसे यूक्रेन और यूरोप की आलोचना के बाद बदला गया। ट्रंप युद्ध खत्म करने के प्लान का सपोर्ट कर रहे हैं, लेकिन यूरोपियन देशों को डर है कि इससे कीव को रूस की मांगों के आगे झुकना पड़ सकता है।

यूक्रेन पर गलत शांति थोपना मंजूर नहीं- यूरोप

रूस के और हमले के डर से यूरोप ने बार-बार कहा है कि यूक्रेन पर गलत शांति नहीं थोपी जानी चाहिए। बता दें कि ट्रंप के दूत अब रूस और यूक्रेन की मंजूरी से प्लान को फाइनल करने की जुगत में लगे हैं।