चीन के हेइलोंगजियांग प्रांत के क्यूकीहार में स्कूल में बने जिम की छत गिरने से 10 लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति फंसा हुआ है। छत के निर्माण के समय एक गलती हुई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। 

बीजिंग। पूर्वोत्तर चीन में एक स्कूल में बने जिम की छत गिर गई, जिससे 10 लोगों की मौत हो गई। मलबे में दबे 14 लोगों को निकाला गया। एक व्यक्ति अभी भी फंसा हुआ है। चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ ने सोमवार को यह रिपोर्ट दी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

घटना हेइलोंगजियांग प्रांत के क्यूकीहार में घटी। रविवार दोपहर करीब तीन बजे नंबर 34 मिडिल स्कूल का जिम ढह गया। मलबे में एक दर्जन से अधिक लोग फंस गए थे। इसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। सोमवार सुबह तक 14 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया। इनमें से चार लोगों को मृत हालत में निकाला गया था। वहीं, छह गंभीर रूप से घायल थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हुई।

इस वजह से ढह गई छत

CCTV द्वारा टेलीकास्ट किए गए फुटेज में दिखा कि जिम का पूरा छत गिर गया था। बचावकर्मी मलबे में लोगों की तलाश कर रहे थे। 160 अग्निशमन कर्मियों की टीम ने बचाव अभियान चलया। शिन्हुआ ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि छत पर मजदूरों ने पर्लाइट (ज्वालामुखीय कांच का एक रूप) रखा था। भारी बारिश के कारण पेर्लाइट ने अधिक पानी सोख लिया। इससे पेर्लाइट आकार में फैला और अधिक भारी हो गया। इसके चलते छत ढह गई। पेर्लाइट से छत बनाना चीन में अवैध है। जिम का छत लगभग 1,200 वर्ग मीटर में फैला था। निर्माण कंपनी के लोगों को पुलिस हिरासत में लिया गया है।

यह भी पढ़ें- Plane Crash in Sudan: पोर्ट सूडान एयरपोर्ट पर प्लेन क्रैश, 9 पैसेंजर्स की गई जान

सुरक्षा मानक कमजोर होने से चीन में होते हैं अधिक हादसे

गौरतलब है कि चीन में इस तरह के हादसे नई बात नहीं है। यहां निर्माण कार्य के लिए सुरक्षा मानक काफी कमजोर हैं। इसके चलते दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सुरक्षा मानकों के कमजोर होने के चलते चीन में औद्योगिक हादसे भी अधिक होते हैं। 2015 में तियानजिन में एक रासायनिक गोदाम में विस्फोट हुआ था, जिससे कम से कम 165 लोग मारे गए थे।