सिंगापुर में रोज़ाना 2,000 ट्रक कचरा जमा होता है, जिसे उसी दिन निपटा दिया जाता है। कचरे से बिजली, सड़कें, ईंटें तक बनती हैं! जानिए कैसे?
दुनिया भर में हर रोज़ टनों में कचरा पैदा होता है। हर देश अपने-अपने तरीके से कचरे का निपटारा करता है, लेकिन सिंगापुर कचरा प्रबंधन में हमेशा से एक मिसाल रहा है। सिंगापुर के कचरा प्रबंधन के बारे में कहा जाता है कि रातों-रात यहाँ का कचरा गायब हो जाता है। लेकिन यह कोई जादू नहीं है, बल्कि कुशल प्रबंधन का नतीजा है। यहाँ हर रोज़ पैदा होने वाले कचरे को उसी दिन निपटाने की क्षमता है।
हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें सिंगापुर के आधुनिक कचरा निपटान सिस्टम को दिखाया गया है। वीडियो में बताया गया है कि किस तरह अलग-अलग कचरे को रीसायकल किया जाता है और फिर उसका दोबारा इस्तेमाल किया जाता है।
वीडियो के अनुसार, सिंगापुर में हर रोज़ 2,000 ट्रक कचरा जमा होता है। इसे अलग-अलग प्लांट्स में प्रोसेसिंग के लिए भेजा जाता है। वहाँ से इसे कई तरह से रीसायकल किया जाता है, जिसमें बिजली उत्पादन भी शामिल है। कचरे से बनी बिजली फिर रिहायशी इलाकों में सप्लाई की जाती है।
प्लास्टिक को रीसायकल करके सड़कें और अन्य चीजें बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यहाँ तक कि इमारतों के लिए ईंटें भी कचरे से बनाई जाती हैं। सिंगापुर का कचरा प्रबंधन मंत्र है - कचरा कम करो, रीसायकल करो, दोबारा इस्तेमाल करो।
इस वीडियो को 10 मिलियन से ज़्यादा लोगों ने देखा और सिंगापुर के कचरा प्रबंधन की तारीफ़ की। कई देशों के लोगों ने कहा कि उनके देशों को भी सिंगापुर से सीखना चाहिए।






