चीन में एक 10 महीने के बच्चे पर माँ ने क्रूरता की। उसके शरीर पर 600 सुई के निशान मिले और गर्दन में फंसी सुई के लिए स्पाइनल सर्जरी हुई। माँ ने इसे पारंपरिक इलाज बताया। बच्चा अब ठीक हो रहा है।
अक्सर छोटे बच्चे सबसे ज़्यादा शोषण का शिकार अपने ही घरों में होते हैं। घर का खराब माहौल बच्चों पर होने वाले अत्याचार को और बढ़ा देता है। चीन से ऐसा ही एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर चीनी सोशल मीडिया यूज़र्स दंग रह गए। साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह वीडियो चीनी सोशल मीडिया पर स्पाइन सर्जन डॉ. सुई वेनयुआन नाम के एक पेज से शेयर किया गया था।
गर्दन में फंसी सुई
डॉ. सुई वेनयुआन, शंघाई जिओ टोंग यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मेडिसिन से जुड़े शिन्हुआ अस्पताल के स्पाइन सेंटर में एक अटेंडिंग डॉक्टर हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दिसंबर में, एक 10 महीने के लड़के को बुखार और दौरे पड़ने के बाद मोजियांग काउंटी के पीपुल्स हॉस्पिटल के पीडियाट्रिक्स विभाग में भर्ती कराया गया था। इसी के बाद मां की क्रूरता दुनिया के सामने आई। रिपोर्ट में कहा गया है कि उसके पूरे शरीर पर करीब 600 बार सुई चुभोने के निशान मिले। बच्चे के तलवों, कान के पीछे और सिर समेत पूरे शरीर पर सुई के निशान थे। जांच के दौरान बच्चे की गर्दन में एक टूटी हुई सुई फंसी हुई मिली, जिसके बाद बच्चे की तुरंत स्पाइनल सर्जरी करनी पड़ी। डॉक्टर ने बताया कि सर्जरी के बाद बच्चे की सेहत में सुधार हो रहा है।
सख्त सज़ा मिलनी चाहिए
रिपोर्ट में कहा गया है कि जब बच्चे को अस्पताल लाया गया तो उसे तेज बुखार था, जो शायद सुई पर लगे जंग की वजह से हो सकता है। सर्जरी के तीन-चार दिन बाद बच्चे का तापमान कम हो गया। इसके बाद बच्चे को इंटेंसिव केयर यूनिट से वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने मांग की कि बच्चे की मां को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए और उसे मां से दूर किसी सुरक्षित जगह पर रखा जाए। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जांच टीम ने पाया कि जब भी बच्चा बेचैन होता था, तो उसकी मां उसे पारंपरिक लोक 'सुई चुभोने' वाले इलाज के लिए ले जाती थी।
