मैनपुरी में 3.5 साल के बच्चे की गले में टॉफी अटकने से मौत हो गई। पिता से जिद कर ली गई टॉफी खाने के बाद उसकी सांसें रुक गईं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां अपनी बहन के साथ दुकान पर गए एक साढ़े तीन साल के बच्चे की जान, जिद करके खरीदी गई एक टॉफी ने ले ली। टॉफी गले में अटकने से बच्चे की सांसें थम गईं। जब तक घबराए हुए घरवाले कुछ समझ पाते और उसे अस्पताल ले जाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। ये दिल दहला देने वाली घटना बोगंव कोतवाली के चाचा गांव की है। मनीष के बेटे आनंद की टॉफी निगलने के बाद तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जानकारी के मुताबिक, आनंद अपनी सात साल की बहन शगुन के साथ गांव की एक किराने की दुकान पर अचार खरीदने गया था। दोनों दुकान पर ही अचार खा रहे थे। इसी दौरान बच्चे का पिता मनीष भी दुकान पर पहुंच गया। अपने पापा को देखकर आनंद टॉफी के लिए जिद करने लगा। बेटे की जिद पर मनीष ने उसे एक टॉफी खरीदकर दे दी। टॉफी मिलते ही आनंद खुशी-खुशी घर लौट आया। लेकिन घर आकर जैसे ही उसने टॉफी खाई, वो गलती से उसके गले में अटक गई। कुछ ही पलों में उसकी हालत बिगड़ने लगी और टॉफी गले में फंसते ही आनंद की सांसें उखड़ने लगीं।

बच्चे को दर्द से तड़पता देख घरवाले बुरी तरह घबरा गए। वे फौरन उसे लेकर अस्पताल की ओर भागे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आनंद अपने तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। इस घटना के बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया।