आगरा में एक फैशन डिजाइनर ने पुलिस कांस्टेबल पर गंभीर आरोप लगाकर अपनी जान दे दी. महिला का आरोप है कि कांस्टेबल ने शादी का झांसा देकर 4 साल तक उसका इस्तेमाल किया और अब किसी और से शादी कर रहा है. मौत से पहले महिला ने एक वीडियो बनाकर अपना दर्द बयां किया है.

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक फैशन डिजाइनर ने पुलिस कांस्टेबल पर धोखा देने का आरोप लगाकर खुदकुशी कर ली। मरने से पहले महिला ने एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने अपनी चार साल की दर्दभरी कहानी बताई है। महिला का कहना है कि कांस्टेबल ने उससे शादी का वादा किया, चार साल तक पति-पत्नी की तरह साथ रहा, लेकिन अब वह किसी और से शादी करने जा रहा है।

आखिरी वीडियो बनाकर दी जान

आगरा की रहने वाली महिला पेशे से एक फैशन डिजाइनर थी। उसने अपने आखिरी वीडियो में ताजगंज पुलिस थाने में तैनात कांस्टेबल जे.बी. गौतम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में महिला ने रोते हुए कहा, "हम पिछले चार साल से लिव-इन रिलेशनशिप में थे। उसने शादी का वादा करके मेरा शारीरिक शोषण किया। हम पति-पत्नी की तरह ही रहते थे। लेकिन अब वह शादी करने से इनकार कर रहा है और किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है।"

'पुलिस ने भी नहीं की मदद'

महिला ने वीडियो में यह भी आरोप लगाया कि जे.बी. गौतम के पुलिस में होने की वजह से उसे कहीं से मदद नहीं मिली। उसने कहा, "मैं मदद के लिए पुलिस स्टेशन गई, लेकिन सबने कांस्टेबल का ही साथ दिया। मुझे इंसाफ नहीं मिला। जब पुलिस ही न्याय नहीं देगी तो मैं जीकर क्या करूंगी? मेरी मौत के लिए जे.बी. गौतम और उसका परिवार जिम्मेदार है।"

सीएम योगी और पीएम मोदी से लगाई गुहार

अपने आखिरी वीडियो में महिला ने न्याय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी अपील की। उसने कहा, "मुझे जीते जी तो इंसाफ नहीं मिला। उम्मीद है कि मेरे मरने के बाद मुझे इंसाफ मिलेगा। मैं सीएम योगी आदित्यनाथ और पीएम नरेंद्र मोदी से अपील करती हूं कि वे इस मामले में मुझे न्याय दिलाएं।"

जानकारी के मुताबिक, महिला मूल रूप से कासगंज जिले की रहने वाली थी। उसकी पहली शादी टूट चुकी थी और वह तलाकशुदा थी। वह एक प्राइवेट कंपनी में डिजाइनर का काम करती थी, जहां उसकी मुलाकात कांस्टेबल जे.बी. गौतम उर्फ जंतर बाबू से हुई। गौतम को जब पता चला कि महिला तलाकशुदा है, तो उसने प्यार का नाटक शुरू कर दिया। उसने शादी का वादा किया और चार साल तक उसके साथ लिव-इन में रहा। जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो वह परिवार की असहमति का बहाना बनाकर मुकर गया। अब कांस्टेबल की शादी किसी और लड़की से तय हो गई थी, जिसके बाद महिला ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

Scroll to load tweet…

Disclaimer: आत्महत्या किसी समस्या का हल नहीं है। अगर आपके मन में भी सुसाइड या खुद को चोट पहुंचाने जैसे ख्याल आ रहे हैं तो आप फौरन घर-परिवार, दोस्तों और साइकेट्रिस्ट की मदद ले सकते हैं। इसके अलावा आप इन हेल्पलाइन नंबरों पर कॉल करके भी मदद मांग सकते हैं। आसरा (मुंबई) 022-27546669, सुमैत्री (दिल्ली) 011-23389090, रोशनी (हैदराबाद) 040-66202000, लाइफलाइन 033-64643267 (कोलकाता)। मानसिक तनाव होने पर काउंसलिंग के लिए हेल्पलाइन नंबर 14416 और 1800 8914416 पर संपर्क कर घर बैठे मदद पा सकते हैं।