थाईलैंड की एक ट्रांसजेंडर महिला ने प्यार का नाटक कर 73 जापानी पुरुषों से लगभग 7 करोड़ रुपये ठगे। 13 साल तक चले इस खेल के बाद उसे बैंकॉक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

थाईलैंड की एक ट्रांसजेंडर महिला ने अपने जापानी पूर्व प्रेमी से बदला लेने के लिए 73 जापानी पुरुषों को अपना शिकार बनाया। प्यार का नाटक कर उसने इन 73 लोगों से लगभग सात करोड़ रुपये ठगे। 13 साल तक चले इस खेल के बाद आखिरकार बैंकॉक पुलिस ने उत्थाई नान्टखान के रूप में पहचानी जाने वाली इस महिला को गिरफ्तार कर लिया। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, उत्थाई ने पुलिस को बताया कि जापानी नागरिक रहे अपने पूर्व प्रेमी से बदला लेने के लिए उसने जापानी पुरुषों को निशाना बनाया। एक जापानी युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उत्थाई ने उसे 15 मिलियन बाह्त (लगभग 3.6 करोड़ रुपये) का चूना लगाया है, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। 

थाई मीडिया आउटलेट थाईगर के अनुसार, उत्थाई खुद को हांगकांग की एक सैलानी के रूप में पेश करती थी, जिसका पासपोर्ट और हैंडबैग खो गया है। इस तरह वह अपने शिकार से मिलती और उससे अपने ठहरने और अन्य खर्चों के लिए पैसे लेती। धीरे-धीरे वह उस व्यक्ति के करीब आ जाती और अपने जाल में फंसा लेती।

एक बार जब वह उस व्यक्ति का विश्वास जीत लेती, तो उससे अलग-अलग जरूरतों के नाम पर पैसे ऐंठना शुरू कर देती। वह कभी भी उधार लिया हुआ पैसा वापस नहीं करती और पैसे वापस मांगने पर चालाकी से उससे बच निकलती। पैसे के अलावा, उसने अपने एक शिकार से सोना भी चुराया और फिर फरार हो गई। 

पुलिस रिपोर्टों के अनुसार, उत्थाई आमतौर पर खुद को ताइवान या हांगकांग की एक ऐसी यात्री के रूप में पेश करती थी, जिसके यात्रा दस्तावेज खो गए हैं और वह मुसीबत में है। माना जा रहा है कि उसने एक ही समय में एक से अधिक पुरुषों को अपना शिकार बनाया होगा। उत्थाई ने पुलिस को कबूल किया है कि उसने 13 साल में 73 पुरुषों को ठगा है।