चीन में महिलाओं के लिए एक खास मंदिर बना है जो मानसिक स्वास्थ्य और चिंता से जूझ रही महिलाओं को मुफ़्त में रहने, खाने और तीन दिन के ज़ेन रिट्रीट की सुविधा देता है। 

Tianxian Temple: चीन में महिलाओं के लिए खास तौर पर बना एक मंदिर चर्चा में है। यह मंदिर उन महिलाओं के लिए एक अनोखी पहल है जो अपनी निजी और पेशेवर ज़िंदगी में मुश्किलों का सामना कर रही हैं। खास बात यह है कि यह मंदिर महिलाओं में चिंता और मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को दूर करने में मदद करता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कामकाजी महिलाओं और गृहिणियों, दोनों के लिए एक राहत की तरह है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

टियांजियन मंदिर दक्षिणपूर्वी चीन के फ़ुज़ियान प्रांत में स्थित है। हाल ही में, इस मंदिर ने सिर्फ़ महिला साध्वियों और स्वयंसेवकों को नियुक्त करके खूब सुर्खियां बटोरीं। यहाँ आने वाली महिलाओं को मुफ़्त में रहने और खाने की सुविधा भी दी जाती है।यह मंदिर उन महिलाओं का स्वागत करता है जो कॉर्पोरेट नौकरियों के तनाव से जूझ रही हैं या फिर अकेले अपने बच्चों की परवरिश कर रही हैं।

यहाँ तीन दिन का मुफ़्त ज़ेन रिट्रीट भी आयोजित किया जाता है, जहाँ महिलाएं अपनी रोज़मर्रा की चिंताओं और ज़िम्मेदारियों से दूर, शांति और सुकून का अनुभव कर सकती हैं।यहाँ किसी भी तरह का लैंगिक भेदभाव नहीं है और न ही मासिक धर्म के दौरान किसी तरह की पाबंदी है। रिट्रीट में सैर, व्यायाम जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं। यहाँ तक कि सभी साथ मिलकर कोई फ़ेमिनिस्ट फ़िल्म भी देख सकते हैं।

चीन के ज़्यादातर मंदिरों में पुरुष साधु होते हैं और महिलाओं पर कई तरह की पाबंदियाँ होती हैं। कई मंदिरों में तो मासिक धर्म के दौरान महिलाओं को प्रार्थना कक्ष में प्रवेश करने की भी अनुमति नहीं होती। ऐसे में, यह मंदिर एक मिसाल कायम करता है, जहाँ महिलाओं पर किसी तरह की कोई पाबंदी नहीं है।