संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता, केजरीवाल की गिरफ्तारी, प्रमुख विपक्ष कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज करने और गिरफ्तारी के मद्देनजर देश में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले भारत में राजनीतिक अशांति को लेकर एक सवाल का जवाब दे रहे थे।

UN on Arvind Kejriwal arrest: अमेरिका सहित कई यूरोपियन देशों की भारत के हालात पर अवांछित टिप्पणी के बाद अब संयुक्त राष्ट्र ने बयान देकर मामले को वैश्विक स्तर पर गरमा दिया है। अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी, कांग्रेस के खातों को फ्रीज करने और लोकसभा चुनाव को देखते हुए राजनैतिक कार्रवाईयों को लेकर संयुक्त राष्ट्र ने चिंता जताई है। यूएन सेक्रेटरी जनरल एंटोनियो गुटेरेस के एक प्रवक्ता ने कहा कि हमें बहुत उम्मीद है कि भारत और जिस भी देश में चुनाव हो रहे हैं, वहां लोगों के राजनीतिक और नागरिक अधिकार सुरक्षित हैं। हर कोई स्वतंत्र रूप से, निष्पक्ष माहौल में मतदान कर सकता है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव के प्रक्ता स्टीफन दुजारिक ने यह बयान उस समय दिया है जब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को केंद्रीय एजेंसी ईडी ने अरेस्ट किया है। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता, केजरीवाल की गिरफ्तारी, प्रमुख विपक्ष कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज करने और गिरफ्तारी के मद्देनजर देश में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले भारत में राजनीतिक अशांति को लेकर एक सवाल का जवाब दे रहे थे।

क्या कहा संयुक्त राष्ट्र महासचिव के प्रवक्ता ने?

स्टीफन डुजारिक ने कहा: हमें बहुत उम्मीद है कि भारत में, जैसा कि चुनाव वाले किसी भी देश में होता है, राजनीतिक और नागरिक अधिकारों सहित सभी के अधिकारों की रक्षा की जाएगी और हर कोई स्वतंत्र और निष्पक्ष माहौल में मतदान करने में सक्षम होगा।

अमेरिका की प्रतिक्रिया के बाद संयुक्त राष्ट्र भी सक्रिय

दरअसल, अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी और कांग्रेस के खातों को जब्ती को लेकर अमेरिका ने भी हस्तक्षेप करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी थी। दो बार अमेरिकी प्रतिक्रिया के बाद भारत ने आंतरिक मसला बताते हुए अमेरिकी प्रतिक्रिया की कड़ी आलोचना की थी। अमेरिकी प्रतिक्रिया के बाद अब संयुक्त राष्ट्र ने भी भारतीय लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष चुनाव को लेकर चिंता जताया है।

भारत ने अमेरिकी राजनयिक को किया था तलब

अमेरिकी टिप्पणी के बाद भारत ने इसके विरोध में अमेरिकी राजनयिक को तलब किया था। इसके बाद वाशिंगटन ने फिर दोहराया कि वह निष्पक्ष, पारदर्शी, समय पर कानूनी प्रक्रियाओं को प्रोत्साहित करता है। अमेरिकी राजनयिक को दिल्ली में तलब किए जाने पर अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा: मैं किसी निजी राजनयिक बातचीत के बारे में बात नहीं करने जा रहा हूं। लेकिन निश्चित रूप से हमने सार्वजनिक रूप से जो कहा है, वही मैंने अभी यहां से कहा है कि हम निष्पक्ष, पारदर्शी, समय पर कानूनी प्रक्रियाओं को प्रोत्साहित करते हैं। हमें नहीं लगता कि किसी को इस पर आपत्ति होनी चाहिए और हम यही बात निजी तौर पर स्पष्ट कर देंगे।

गुरुवार को भारत ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अमेरिकी विदेश विभाग की हालिया टिप्पणी अनुचित है।देश को अपने स्वतंत्र और मजबूत लोकतांत्रिक संस्थानों पर गर्व है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत की चुनावी और कानूनी प्रक्रियाओं पर कोई भी बाहरी आरोप पूरी तरह से अस्वीकार्य है।

यह भी पढ़ें:

दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल के बाद मोर्चा संभालने वाली पूर्व आईआरएस अफसर सुनीता केजरीवाल की कहानी…