भारतीय अमेरिकी हर्ष वर्धन सिंह ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी का उम्मीदवार बनने की दावेदारी पेश की है। वह पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को चुनौती देंगे। निक्की हेली और विवेक रामास्वामी पहले से इस रेस में हैं। 

वर्ल्ड डेस्क। अमेरिका में अगले साल राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव (US Presidential Election 2024) होना है। इसके लिए रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों दलों के नेता अपनी अपनी दावेदारी कर रहे हैं। राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ने से पहले उम्मीदवार को अपनी पार्टी में दूसरे नेताओं की चुनौतियों का सामना करना होता है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रिपब्लिकन पार्टी के नेता और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प फिर से चुनाव लड़ना चाहते हैं। इस बीच रिपब्लिकन पार्टी में उन्हें कई और नेताओं से चुनौती मिल रही है। इनमें एक भारतीय अमेरिकी इंजीनियर हर्ष वर्धन सिंह भी शामिल हैं। उन्होंने ऐलान किया है कि वह राष्ट्रपति पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे। हर्ष वर्धन भारतीय मूल के तीसरे व्यक्ति हैं जो अमेरिकी राष्ट्रपति पद की रेस में हैं। इस रेस में निक्की हेली और विवेक रामास्वामी पहले से हैं। हर्ष वर्धन ने ट्वीट कर कहा कि वह "आजीवन रिपब्लिकन" और "अमेरिका फर्स्ट" रूढ़िवादी हैं। हमने न्यू जर्सी रिपब्लिकन पार्टी के रूढ़िवादी विंग को बहाल करने के लिए काम किया है।

हर्ष वर्धन ने अपने वीडियो संदेश में कहा, "पिछले कुछ वर्षों में हुए बदलावों को पलटने और अमेरिकी मूल्यों को बहाल करने के लिए हमें मजबूत नेतृत्व की जरूरत है। इसीलिए मैंने संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए 2024 के चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी से नामांकन करने का फैसला किया है।"

डोनाल्ड ट्रम्प को चुनौती देंगे हर्ष वर्धन

38 साल के हर्ष वर्धन ने गुरुवार को आधिकारिक तौर पर चुनाव आयोग के पास अपनी उम्मीदवारी पेश की। इनसे पहले दक्षिण कैरोलिना की पूर्व गवर्नर 51 साल की हेली और 37 साल के करोड़पति उद्यमी रामास्वामी ने इस साल की शुरुआत में रिपब्लिकन पार्टी से अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की थी। हर्ष वर्धन पार्टी के अंदर पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को चुनौती देंगे। कानूनी चुनौतियों का सामना करने के बावजूद वह 2024 के लिए रिपब्लिकन पार्टी का उम्मीदवार बनने की दौड़ में आगे चल रहे हैं। 15-18 जुलाई 2024 तक विस्कॉन्सिन के मिल्वौकी में रिपब्लिकन पार्टी की बैठक होगी। इसमें राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार का चुनाव होगा।

हर्ष वर्धन ने पहले भी की है चुनाव लड़ने की कोशिश

हर्ष वर्धन खुद को "एकमात्र शुद्ध उम्मीदवार" बताते हैं। उन्होंने 2017 और 2021 में न्यू जर्सी के गवर्नर पद के लिए अपनी उम्मीदवारी पेश की थी। इससे साथ ही 2018 में हाउस सीट और 2020 में सीनेट के पद के लिए उम्मीदवारी पेश की थी। हर कोशिश में उन्हें नाकामी मिली। पार्टी ने एक बार भी उम्मीदवार नहीं बनाया।

कौन हैं हर्ष वर्धन सिंह?

न्यू जर्सी के अटलांटिक काउंटी के रहने वाले हर्ष वर्धन सिंह ने 2009 में न्यू जर्सी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री हासिल की थी। वह एयरोस्पेस और रक्षा उद्योगों में काम कर रहे हैं। उन्होंने खुद को एकमात्र शुद्ध-रक्त उम्मीदवार बताया है क्योंकि कभी भी कोरोना का टीका नहीं लिया है।