अमेरिका में घटती जन्म दर को रोकने के लिए ट्रंप प्रशासन नए माता-पिता को ₹4.25 लाख का 'बेबी बोनस' देने पर विचार कर रहा है। क्या यह प्रस्ताव हकीकत बनेगा? जानने के लिए पढ़ें।

US Baby Bonus: अमेरिका दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां बच्चों का जन्म दर घट रहा है। इसे रोकने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार लोगों को विवाह करने और अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

इसी क्रम में ट्रंप प्रशासन अमेरिकियों को विवाह करने और अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कई प्रस्तावों पर विचार कर रहा है। हाल के दिनों में व्हाइट हाउस के सहायकों ने नीति अधिवक्ताओं और रूढ़िवादी समूहों के साथ मुलाकात की है। ये लोग प्रोनेटालिस्ट आंदोलन से जुड़े हैं। यह परिवार को समर्थन देने और जनसंख्या वृद्धि को बढ़ावा देने का वैचारिक अभियान है।

बच्चा पैदा करने पर मां को मिलेंगे 4.25 लाख रुपए 

रिपोर्ट्स के अनुसार अमेरिकी सरकार मां को बच्चे के जन्म के बाद 5,000 अमेरिकी डॉलर (4.25 लाख रुपए से अधिक) का "बेबी बोनस देने पर विचार कर रही है। इसके साथ ही बच्चा होने पर टैक्स में छूट, महिलाओं के ओव्यूलेशन और प्रजनन क्षमता समझने में मदद करने के लिए मासिक धर्म चक्र शिक्षा कार्यक्रम चलाने पर भी विचार किया जा रहा है।

सरकार इस प्रस्ताव पर विचार कर रही है कि फुलब्राइट छात्रवृत्ति कार्यक्रम में 30 प्रतिशत स्थान उन लोगों के लिए रिजर्व किए जाएंगे जो विवाहित हैं या जिनके बच्चे हैं। यह अमेरिका द्वारा अपने सबसे प्रतिष्ठित अकादमिक फेलोशिप के लिए उम्मीदवारों के चुनाव में नाटकीय बदलाव होगा।

अमेरिका में जन्म दर में लगातार आ रही है गिरावट

1990 के दशक से ही अमेरिका में जन्म दर में लगातार गिरावट आ रही है। CDC की रिपोर्ट के अनुसार 2023 में प्रजनन दर प्रति महिला 1.62 थी। आबादी स्थिर रखने के लिए जन्म दर 2.1 होनी चाहिए। कई अमीर देश जन्म दर में कमी का सामना कर रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार आर्थिक और सांस्कृतिक वजह से यह स्थिति पैदा हुई है। बढ़ती जीवन लागत, महिलाओं द्वारा वर्फफोर्स में अधिक भागीदारी और सामाजिक मूल्यों में बदलाव इसके लिए जिम्मेदार हैं।