ओमान तट के पास पलटे एमटी फाल्कन प्रेस्टीज जहाज के चालक दल के 9 सदस्यों को बचाया गया है। इनमें 8 भारतीय हैं। इस जहाज पर चालक दल के 25 लोग थे।

नई दिल्ली। ओमान तट के पास सोमवार को एमटी फाल्कन प्रेस्टीज जहाज (Falcon Prestige vessel) पलट गया था। इस जहाज पर चालक दल के 25 सदस्य मौजूद थे। इनमें से 13 भारतीय हैं। चालक दल के 9 सदस्यों को बचाया गया है, जिनमें 8 भारतीय हैं।

भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस तेग ने राहत और बचाव अभियान चलाया है। चालक दल के एक श्रीलंकाई नागरिक को भी बचाया गया है। इंडियन नेवी ने इस अभियान में अपने मेरीटाइम सर्विलांस विमान P-8I को भी लगाया है। ओमान के जहाज और लोग भी खोज और बचाव अभियान में लगे हैं।

Scroll to load tweet…

हादसे के वक्त पास मौजूद था आईएनएस तेग

हादसे के वक्त भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस तेग उस क्षेत्र में मौजूद था। उसे सोमवार को खोज और बचाव मिशन करने का निर्देश दिया गया। युद्धपोत ने मंगलवार सुबह तेल टैंकर का पता लगा लिया था। चालक दल के बाकी बचे 16 सदस्यों की खोज चल रही है।

अदन बंदरगाह की ओर जा रहा था तेल टैंकर

बता दें कि कोमोरोस के झंडे वाला तेल टैंकर एमटी फाल्कन प्रेस्टीज ओमान के बंदरगाह शहर दुक्म के पास रस मदरका से 25 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में पलट गया था। जहाज को यमन के बंदरगाह शहर अदन जाना था।

खराब मौसम के चलते बचाव अभियान में हो रही परेशानी

जहां हादसा हुआ वहां खराब मौसम है। तेज हवाएं चल रहीं हैं, जिससे समुद्र में उथल-पुथल है। ऊंची लहरें उठ रहीं है। इसके चलते खोज और बचाव अभियान में बाधा पड़ रही है। नौसेना का लॉन्ग रेंज समुद्री टोही विमान P8I जीवित बचे लोगों की तलाश में सहायता कर रहा है।

यह भी पढ़ें- फ्रांस पीएम का इस्तीफा: पहले गे PM गेब्रियल अटाल ने मंत्रियों संग पद छोड़ा

दुक्म बंदरगाह ओमान के दक्षिण-पश्चिमी तट पर स्थित है। यह ओमान सल्तनत की प्रमुख तेल और गैस खनन प्रोजेक्ट्स के करीब है। इसमें एक प्रमुख तेल रिफाइनरी भी शामिल है। यह दुक्म के विशाल औद्योगिक क्षेत्र का हिस्सा और ओमान की सबसे बड़ी सिंगल इकोनॉमिक प्रोजेक्ट है।

तेल टैंकर ने 15 जुलाई को रात करीब 10 बजे दी थी संकट की सूचना

ओमान के तट के पास पलटते समय तेल टैंकर ने 15 जुलाई को रात करीब 10 बजे संकट की सूचना दी थी। ओमान के भारतीय दूतावास ने कहा कि वह ओमानी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। खोज एवं बचाव अभियान का समन्वय ओमान समुद्री सुरक्षा केंद्र द्वारा किया जा रहा है। भारतीय नौसेना इस क्षेत्र में अभियान चला रही है।

यह भी पढ़ें- कौन हैं उषा चिलुकुरी वेंस, इनके पति को डोनाल्ड ट्रम्प ने बनाया उप-राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार