मॉस्को में हुए एक विमान हादसे (Moscow plane crash) में वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन के मारे जाने का दावा किया गया है। विमान में दस लोग सवार थे, सभी की मौत हो गई है।

मॉस्को। रूस की राजधानी मॉस्को में हुए एक विमान हादसे (Moscow plane crash) में प्राइवेट आर्मी वैगनर के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन (Yevgeny Prigozhin) के मारे जाने का दावा किया गया है। प्रिगोझिन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ दो महीने पहले विद्रोह किया था, लेकिन यह विद्रोह असफल हो गया था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मॉस्को के उत्तर में बुधवार की शाम एक विमान हादसे का शिकार हुआ था। कहा जा रहा है कि प्रिगोझिन भी उस विमान में सवार था। विमान में 10 लोग सवार थे। हादसे में कोई जिंदा नहीं बचा। प्रिगोझिन के मारे जाने के बारे में रूसी रक्षा मंत्रायल या क्रेमलीन (राष्ट्रपति का ऑफिस) से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

Scroll to load tweet…

वैगनर से जुड़े टेलीग्राम चैनल ग्रे जोन ने बताया है कि प्रिगोझिन मारे गए हैं। ग्रे जोन ने प्रिगोझिन को नायक और देशभक्त बताया है। प्रिगोझिन के समर्थकों ने उनकी हत्या के पीछे सरकार का हाथ बताया है। वैगनर ग्रुप के लड़ाकों ने यूक्रेन में रूस की ओर से जंग लड़ी है। प्रिगोझिन की मौत के बाद अब इस ग्रुप के नेतृत्वहीन होने का खतरा है। ऐसा होता है तो इसके अफ्रीका और अन्य जगहों पर भविष्य के अभियानों पर सवाल खड़े होंगे।

यह भी पढ़ें- मलेशिया में चार्टर प्लेन भीड़-भाड़ वाले इलाके में क्रैश, कम से कम 10 लोगों की मौत

वैगनर के सह-संस्थापक की भी मौत

रूस की विमानन एजेंसी रोसावियात्सिया ने हादसे का शिकार हुए विमान में सवार सभी 10 लोगों के नाम प्रकाशित किए है। इनमें प्रिगोझिन और उनके दाहिने हाथ दिमित्री उत्किन भी शामिल हैं। दिमित्री उत्किन वैगनर के सह-संस्थापक थे। रूसी जांचकर्ताओं ने कहा कि उन्होंने जांच शुरू कर दी है। पता लगाया जा रहा है कि हादसा कैसे हुआ। कुछ अज्ञात सूत्रों ने रूसी मीडिया को बताया कि विमान को सतह से हवा में मार करने वाली एक या अधिक मिसाइलों द्वारा मार गिराया गया था। विमान मॉस्को से सेंट पीटर्सबर्ग जा रहा था। यह टवर क्षेत्र के कुजेनकिनो गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ।

जो बाइडेन बोले- पुतिन की मर्जी के बिना रूस में कुछ नहीं होता

येवगेनी प्रिगोझिन की मौत पर अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा कि उन्हें इस खबर से हैरानी नहीं हुई। रूस में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मर्जी के बिना कुछ नहीं होता। बाइडेन ने कहा, “मैं वास्तव में नहीं जानता कि क्या हुआ, लेकिन मैं आश्चर्यचकित नहीं हूं। रूस में ऐसा बहुत कुछ नहीं होता है जिसमें पुतिन पीछे न हों।”