White house releases video of migrants: ट्रंप प्रशासन ने मंगलवार को एक वीडियो जारी किया, जिसमें वापस भेजे जा रहे अवैध प्रवासियों को बेड़ियां पहने दिखाया गया है।

white house releases video of migrants: डोनल्ड ट्रंप प्रशासन ने मंगलवार को एक वीडियो जारी कर वापस भेजे जा रहे अवैध प्रवासियों को बेड़ियां पहनाते हुए दिखाया है। व्हाइट हाउस ने 41 सेकंड का ये वीडियो जारी किया है और ट्विटर पर यह अब तक तीन करोड़ लोगों तक पहुंच गया है। डोनल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति बनते ही अमेरिका में रह रहे अवैध प्रवासियों को अमेरिका से वापस भेजने पर जोर दिया था।इन अवैध प्रवासियों को सैन्य विमानों के जरिए वापस भेजा जा रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

2025 में अमेरिका ने अब तक 333 अवैध भारतीयों को भारत भेजा

फरवरी 2025 में अमेरिका से अब तक तीन सैन्य उड़ानों से 333 अवैध भारतीय प्रवासियों को भी भारत भेजा जा चुका है। इन प्रवासियों को हाथों-पैरों में बेड़ियां बाँधकर सैन्य विमानों से भेजा गया है।भारत लौटे कई प्रवासियों ने इस अमानवीय व्यवहार के बारे में मीडिया से बात की है। कुछ सिख प्रवासियों ने दावा किया है कि सैन्य विमान में यात्रा के दौरान उनकी पगड़ियां भी उतार दी गई थीं।मंगलवार देर रात ये वीडियो जारी करते हुए व्हाइट हाउस ने लिखा- अवैध एलियन को वापस भेजने की उड़ान। इस वीडियो में अमेरिकी अधिकारी अवैध प्रवासियों को विमान में सवार करने से पहले हाथों-पैरों में बेड़ियां पहना रहे हैं।

Scroll to load tweet…

व्हाइट हाऊस ने जारी किया वीडियो

ये प्रवासी किस देश के हैं ये वीडियो से स्पष्ट नहीं है क्योंकि उनके चेहरे दिखाई नहीं दे रहे हैं। हालांकि ये वीडियो दो अमेरिकी सैन्य उड़ानों के भारत पहुंचने के बाद जारी किया गया है। ऐसे में ये माना जा सकता है कि ये अवैध प्रवासी भारतीय होते हैं। भारत से बड़ी तादाद में प्रवासी अवैध डंकी रूट के जरिए बेहतर जिंदगी की तलाश में अमेरिका पहुंचते हैं। भारी रकम चुकाने के बाद कई खतरे उठाकर अमेरिका पहुंचने वाले ये लोग छोटे-मोटे काम करते हैं।

यह भी पढ़ें: ट्रंप ने भारत को दिया एक और झटका, 2.1 करोड़ डॉलर की मदद पर लगाई रोक, कहा- हम भारत को पैसे क्यूं दें

डंकी रूट से अमेरिका जाने के लिए खर्च करते हैं इतने पैसे 

डंकी रूट से अमेरिका जाने के लिए ये अवैध प्रवासी पचास लाख से लेकर एक करोड़ रुपए तक खर्च करते हैं। कई लोग भारी कर्ज लेकर बेहतर जिंदगी की तलाश में अमेरिका जाते हैं। लेकिन अब अमेरिका ने प्रवासियों के लिए सख्त नीतियां लागू कर दी हैं और ऐसे लोगों की पहचान करके उन्हें वापस भेजा जा रहा है जो अवैध रास्तों से अमेरिका में दाखिल हुए हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ दिन पहले वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप से मुलाकात के बाद कहा था कि भारत ऐसे सभी भारतीयों को वापस लेने के लिए तैयार है जो अवैध तरीके से अमेरिका गए हैं।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 में क़रीब 97 हजार भारतीय अवैध रास्तों से अमेरिका में दाखिल हुए। डंकी रूट से लोगों को अमेरिका तक पहुंचाने वाले मानव तस्कर किसी उद्योग की तरह काम करते हैं। इनका नेटवर्क भारत से लेकर दुनिया के कई देशों में फैला है।अमेरिका में पत्रकारों से बात करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि अवैध मानव तस्करी के इस पूरे नेटवर्क को खत्म करना होगा।