चीन की आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण सरकार ने अधिकारियों के खर्चों में कटौती की है। शराब, सिगरेट और यात्रा जैसे खर्चों पर रोक लगाई जा रही है। यह कदम आर्थिक सुधारों का हिस्सा बताया जा रहा है।

China economic strain: दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन की हालत ठीक नहीं है। चीन की सरकार के पास पैसे की कमी है। इसके चलते सरकार अपने खर्च कम करने पर ध्यान दे रही है। इसी क्रम में चीन ने अपने अधिकारियों को शराब और सिगरेट पीने से रोक दिया है। साफ कहा है कि इसके लिए जेब में पैसे नहीं है।

चीन की सरकार ने अपने अधिकारियों से यात्रा, भोजन और ऑफिस की जगह पर अपने खर्च कम करने के लिए कहा है। इसे चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा आर्थिक स्थितियों को सुधारने और सरकार की खराब आर्थिक हालत ठीक करने की कोशिश माना जा रहा है।

चीन की सरकार ने कहा- खर्च कम करें आधिकारी

चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ ने बताया है कि सरकार और सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ने अधिकारियों को नोटिस कर कहा है कि स्वागत समारोह, शराब और सिगरेट पर खर्च बंद किया जाए। चीन की सरकार ने अधिकारियों से कठोर परिश्रम करने और खर्च घटाने का आह्वान किया है। अधिकारियों को फिजूलखर्ची कम करने का निर्देश दिया गया है।

बता दें कि कोरोना महामारी के आने के बाद से चीन की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। अमेरिका के साथ चल रहे ट्रेड वार ने मामला और बिगाड़ दिया है। जमीन बिक्री पर होने वाली सरकारी आमदनी घट गई है। स्थानीय सरकारों पर भारी कर्ज का बोझ है। भ्रष्टाचार और पैसे के प्रदर्शन के खिलाफ राष्ट्रपति शी ने अभियान चलाया है।