Bank Locker Rules: कानपुर की SBI ब्रांच के लॉकर से 50 लाख के गहने गायब होने से हड़कंप मचा है। अगर आपका भी बैंक लॉकर है, तो आज ही 5 चीजें जरूर चेक कर लें।
Bank Locker Safety Tips: बैंक में पैसा और कीमती सामान रखना आम बात है। खासकर सोने-चांदी के गहनों के लिए लोग बैंक लॉकर को सबसे सेफ जगह मानते हैं। लेकिन यूपी के कानपुर से एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने बैंक पर भरोसा करने वाले हर आम आदमी की नींद उड़ा दी है। कानपुर के स्वरूप नगर SBI के एक ब्रांच के लॉकर में रखे करीब 50 लाख रुपए के जेवर गायब मिलने की शिकायत सामने आई है। सबसे ज्यादा हैरानी वाली बात यह है कि यह लॉकर करीब 2003 में खोला गया था और लंबे समय तक इसे चेक नहीं किया गया। जब ग्राहक ने कई साल बाद लॉकर खुलवाया तो अंदर जेवर नहीं मिले। ऐसे में अगर आपके पास भी बैंक लॉकर है, तो सिर्फ चाबी अपने पास रखना काफी नहीं है। आपको 5 जरूरी चीजें समय-समय पर चेक करते रहना चाहिए ताकि पता चल सके कि आपका लॉकर कितना सेफ है?
कानपुर वाला मामला क्या है?
यह मामला कानपुर के स्वरूप नगर की SBI ब्रांच का है। कौशलपुरी की रहने वाली रश्मि अरोड़ा नाम की महिला ने साल 2003 में यहां लॉकर (नंबर-23) लिया था। साल 2011 में पति के गुजर जाने के बाद रश्मि लखनऊ शिफ्ट हो गईं। उनके खाते से हर साल लॉकर का किराया अपने आप कट रहा था, इसलिए उन्हें लगा कि उनके जेवर बिल्कुल सुरक्षित हैं। लेकिन जब वह करीब 13 साल बाद अपना लॉकर चेक करने बैंक पहुंचीं, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। शुरुआत में बैंक वालों ने कहा कि उनके नाम पर कोई लॉकर ही नहीं है। काफी बहस और रिकॉर्ड चेक करने के बाद लॉकर नंबर 23 मिला। 27 जुलाई को जब बैंक स्टाफ के सामने लॉकर खोला गया, तो उसमें रखे 50 लाख रुपये के पुश्तैनी गहने गायब थे! लॉकर पूरी तरह खाली था। रश्मि के मुताबिक, 2011 के बाद उन्होंने कभी लॉकर खोला ही नहीं था। चाबी भी उन्हीं के पास थी। तो फिर उनकी गैर-मौजूदगी में लॉकर किसने खोला? फिलहाल पुलिस ने बैंक मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और जांच जारी है।
आपका बैंक लॉकर है कितना सेफ? चेक करें ये 5 जरूरी बातें
सालों तक लॉकर को 'बंद' न छोड़ें
कानपुर की रश्मि अरोड़ा ने 13 साल तक लॉकर नहीं खोला था। RBI का नियम कहता है कि अगर आप लंबे समय तक अपना लॉकर ऑपरेट (खोलते-बंद) नहीं करते हैं, तो किराया कटने के बावजूद बैंक आपको नोटिस भेजकर आपका लॉकर तोड़ सकता है। इसलिए साल में कम से कम एक या दो बार अपना लॉकर जरूर ऑपरेट करें।
नया लॉकर एग्रीमेंट साइन किया या नहीं?
रिजर्व बैंक (RBI) ने लॉकर के नियमों में बदलाव किया है। सभी ग्राहकों को अपनी बैंक ब्रांच में जाकर एक 'न्यू लॉकर एग्रीमेंट' साइन करना जरूरी है। अगर आपने अभी तक यह काम नहीं किया है, तो तुरंत अपनी ब्रांच जाकर इसे अपडेट कराएं।
SMS और Email अलर्ट चालू रखें
अपने बैंक खाते में अपना चालू मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जरूर अपडेट रखें। जब भी बैंक से लॉकर का किराया कटता है या लॉकर एक्सेस किया जाता है, तो आपके फोन पर तुरंत मैसेज आना चाहिए। अगर मैसेज नहीं आ रहा है, तो बैंक से शिकायत करें।
लॉकर में रखे सामान की पूरी लिस्ट बनाएं
अपने लॉकर में आप जो भी कीमती सामान या गहने रख रहे हैं, उसकी एक पक्की लिस्ट (Inventory) घर पर जरूर बनाकर रखें। हो सके तो गहनों की फोटो खींचकर अपने पास सुरक्षित रख लें। इससे अगर कभी कोई गड़बड़ी होती है, तो आपके पास सबूत रहेगा कि लॉकर में क्या-क्या रखा था।
मुआवजे का नियम जरूर जानें
ज्यादातर लोगों को लगता है कि अगर लॉकर से चोरी हो गई, तो बैंक पूरे पैसे भरेगा। लेकिन ऐसा नहीं है। RBI के नए नियमों के मुताबिक, अगर बैंक की लापरवाही जैसे- चोरी, डकैती, आग से आपके लॉकर का सामान गायब होता है, तो बैंक आपको लॉकर के सालाना किराए का सिर्फ 100 गुना ही मुआवजा देगा। यानी अगर आपका किराया 2,000 रुपए साल है, तो आपको सिर्फ 2 लाख रुपए ही मिलेंगे, चाहे अंदर 50 लाख का सोना क्यों न रखा हो।


