सिर्फ UPI ID शेयर करने से बैंक अकाउंट खाली नहीं होता, लेकिन UPI Request, फिशिंग लिंक और PIN शेयर करने से बड़ा फ्रॉड हो सकता है। जानिए UPI फ्रॉड से बचने के आसान और जरूरी तरीके और किन गलतियों से बचना चाहिए।

आजकल चाय की दुकान से लेकर मॉल तक, हर जगह UPI पेमेंट का बोलबाला है. हम दिन में कई बार अपनी UPI ID दोस्तों, दुकानदारों या ग्राहकों के साथ शेयर करते हैं. लेकिन इसी के साथ एक सवाल मन में आता है - क्या सिर्फ UPI ID पता चलने से कोई हैकर हमारा बैंक अकाउंट खाली कर सकता है? तो इसका सीधा और सपाट जवाब है - नहीं.

सिर्फ आपकी UPI ID, जो 'name@bank' जैसी दिखती है, किसी को पता चल जाने से आपके पैसे पूरी तरह सुरक्षित हैं. इसे आप अपने घर के पते की तरह समझ सकते हैं, जहां कोई आपको चिट्ठी या सामान भेज सकता है, लेकिन घर के अंदर घुसकर चोरी नहीं कर सकता. लेकिन फिर भी UPI फ्रॉड होते हैं, और वो कैसे होते हैं, ये जानना बहुत ज़रूरी है.

तो फिर फ्रॉड होता कैसे है?

धोखेबाज़ों का सबसे आम तरीका है 'Request Money' फीचर का गलत इस्तेमाल करना. जालसाज आपको पैसे भेजने के बजाय, पैसे मांगने की रिक्वेस्ट भेजते हैं. यह रिक्वेस्ट अक्सर 'कैशबैक मिला' या 'रिफंड अप्रूव करें' जैसे लुभावने मैसेज के साथ आती है, और जैसे ही आप अपना UPI PIN डालकर इसे अप्रूव करते हैं, आपके अकाउंट से पैसे कट जाते हैं, आते नहीं.

याद रखिए, पैसे पाने के लिए कभी भी PIN डालने की ज़रूरत नहीं पड़ती. अगर कोई ऐप आपसे पैसे रिसीव करने के लिए PIN मांग रहा है, तो समझ जाइए कि दाल में कुछ काला है. यह एक सीधी-सीधी धोखाधड़ी की कोशिश है.

दूसरा बड़ा ख़तरा है फिशिंग लिंक्स का. आपको SMS या WhatsApp पर एक अनजान लिंक भेजा जाता है, जिसमें कोई आकर्षक ऑफर या चेतावनी हो सकती है. इस पर क्लिक करते ही आपके फ़ोन में एक मैलवेयर (एक तरह का वायरस) इनस्टॉल हो सकता है, जो आपका UPI PIN और दूसरी निजी जानकारी चुरा सकता है.

यह भी पढ़ें: 16 रन चाहिए थे, सिराज ने 3 गेंदों में कर दिया काम तमाम! लगातार 3 छक्के जड़ भारत को जिताया मैच

आपका सबसे बड़ा सुरक्षा कवच: UPI PIN

आपके UPI ट्रांजेक्शन की सुरक्षा की आखिरी और सबसे मज़बूत चाबी आपका 4 या 6 अंकों का UPI PIN ही है. यह PIN सिर्फ और सिर्फ पैसे भेजने या बैलेंस चेक करने के लिए होता है. इसे किसी भी हालत में, किसी के भी साथ शेयर न करें, चाहे वो खुद को बैंक का कर्मचारी ही क्यों न बताए.

कहानी का सार यह है कि अपनी UPI ID शेयर करने में कोई हर्ज़ नहीं है, लेकिन ऑनलाइन लेनदेन करते समय आंख और कान खुले रखना बेहद ज़रूरी है. किसी भी पेमेंट रिक्वेस्ट को अप्रूव करने से पहले दो बार जांचें और अनजान लिंक्स पर क्लिक करने की गलती तो भूलकर भी न करें.

यह भी पढ़ें: चीनी के दाम अचानक क्यों बढ़े? एक महीने में 7% महंगी, सरकार ने लगाया स्टॉक लिमिट