Gold Jewellery Making Charges Calculation: अक्सर हम सोने के भाव पर तो नजर रखते हैं, लेकिन ज्वेलरी बिल का एक बड़ा हिस्सा मेकिंग चार्जेस और वेस्टेज में चला जाता है। अगर आप स्मार्ट तरीके से खरीदारी करें, तो सिर्फ ज्वेलर से 3 सटीक सवाल पूछकर आप अपने बिल में 20% तक की बचत कर सकते हैं। 

Gold Jewellery Making Charges: जब भी हम सोना खरीदने जाते हैं, तो हमारा पूरा ध्यान सोने के भाव पर होता है। लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि जो बिल आपके हाथ में आता है, उसमें एक बड़ा हिस्सा 'मेकिंग चार्जेस' का होता है? अक्सर हम सोने के रेट में तो मोलभाव कर लेते हैं, लेकिन मेकिंग चार्ज में ज्वेलर जो कहता है, उसे मान लेते हैं। आज हम आपको बताएंगे वो सीक्रेट तरीका जिससे आप सोने की चूड़ियों या किसी भी ज्वेलरी पर अपना 20% तक पैसा बचा सकते हैं।

मेकिंग चार्जेस क्या होता है?

सिंपल भाषा में कहें तो सोने को पिघलाकर उसे सुंदर गहने का रूप देने की 'मजदूरी' को मेकिंग चार्ज कहते हैं। मशीन से बनी ज्वेलरी पर चार्ज कम (5-10%) होता है । जबकि हाथ से बनी ज्वेलरी पर कारीगरी ज्यादा होती है, इसलिए चार्ज 15% से 25% तक जा सकता है। इसके अलावा मेकिंग चार्ज पर 5% का GST भी अलग से लगता है। दिक्कत तब आती है जब दुकानदार मशीन से बनी साधारण चूड़ियों पर भी आपसे हाथ की कारीगरी वाला भारी भरकम चार्ज वसूल लेता है।

सोना खरीदते समय क्या करें?

गोल्ड ज्वेलरी खरीदते समय अगर आप चाहते हैं कि आपकी मेहनत की कमाई मेकिंग चार्जेस में बर्बाद न हो, तो काउंटर पर खड़े होकर ये 3 सवाल जरूर पूछें। इससे आपका काफी पैसा बच सकता है और मेकिंग चार्ज में भी अच्छी-खासी कटौती हो सकती है।

ज्वेलर से 3 सवाल कौन से पूछें?

1. क्या यह मेकिंग चार्ज फिक्स्ड रेट है या सोने के वजन पर प्रतिशत में है?

कई दुकानदार गहने के वजन पर 15-20% चार्ज लगाते हैं। अगर सोने का भाव बढ़ गया, तो आपका मेकिंग चार्ज भी अपने आप बढ़ जाएगा। हमेशा कोशिश करें कि आप 'पर ग्राम' (Per Gram) के हिसाब से मेकिंग चार्ज तय करें।

2. क्या इस डिजाइन पर कोई डिस्काउंट या स्कीम चल रही है?

अक्षय तृतीया या शादी के सीजन में लगभग हर बड़ा शोरूम मेकिंग चार्जेस पर 25% से 50% तक की छूट देता है। कई बार दुकानदार खुद से यह बात नहीं बताते। जब आप पूछेंगे, तभी वे आपको 'मैनेजर डिस्काउंट' या 'फेस्टिव ऑफर' के बारे में बताएंगे।

3. वेस्टेज कितना काट रहे हैं और क्यों?

सोना बनाते समय कुछ हिस्सा खराब होता है, जिसे दुकानदार 'वेस्टेज' के नाम से आपके बिल में जोड़ देता है। आजकल मॉडर्न तकनीकों से वेस्टेज बहुत कम होता है। अगर दुकानदार ज्यादा वेस्टेज मांग रहा है, तो समझ लीजिए कि वह आपसे एक्स्ट्रा पैसे वसूल रहा है। सीधे पूछें कि इतना वेस्टेज क्यों?

गोल्ड ज्वेलरी या सोने की चूड़ियां खरीदते समय क्या करें?

चूड़ियां अक्सर मशीन से बनती हैं। अगर आप सिंपल चूड़ियां ले रहे हैं, तो कभी भी 8-10% से ज्यादा मेकिंग चार्ज न दें। अगर डिजाइन बहुत बारीक है, तभी रेट बढ़ाएं। ज्वेलरी हमेशा BIS Hallmark वाली ही खरीदें। मेकिंग चार्ज कितना भी कम हो, अगर सोना शुद्ध नहीं है तो आपका बड़ा नुकसान हो सकता है।

आज सोने का भाव क्या है?

देश की राजधानी नई दिल्ली में सोने की कीमतों की बात करें, तो 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,55,720 प्रति 10 ग्राम है। 22 कैरेट सोने की कीमत ₹1,42,750 दर्ज की गई है, जबकि 18 कैरेट का भाव ₹1,16,830 है।

डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी और सुझाव सिर्फ आपकी जागरूकता के लिए हैं। सोने की शुद्धता, मेकिंग चार्जेस और वेस्टेज का गणित अलग-अलग ज्वेलरी शोरूम, ब्रांड और डिजाइन के आधार पर बदल सकता है। खरीदारी करने से पहले हमेशा BIS Hallmark जरूर चेक करें और बाजार के मौजूदा रेट्स की तुलना करें। किसी भी प्रकार के वित्तीय लेनदेन या निवेश से पहले अपने एक्सपर्ट से सलाह और रेट भरोसेमंद ज्वेलर्स से कंफर्म जरूर करें।

इसे भी पढ़ें- Gold Rate Today: अक्षय तृतीया से पहले सोने ने दिखाए तेवर! दिल्ली से पटना तक देखें 18K, 22K, 24K के रेट

इसे भी पढ़ें- Akshaya Tritiya 2026: अगली अक्षय तृतीया तक ₹2 लाख पहुंचेगा सोना? खरीदने से पहले 24K गोल्ड का नया टारगेट देख लें