Tata Group Stock: RBI के लेटर ने टाटा केमिकल्स के शेयर में जान फूंक दी है। टाटा संस के संभावित IPO की खबर से स्टॉक 9% से ज्यादा उछला। जानें घाटे के बावजूद क्यों आई तेजी।
Tata Chemicals Share: टाटा ग्रुप के शेयर टाटा केमिकल्स में मंगलवार, 17 नवंबर को जोरदार तेजी देखने को मिली। पिछले कई महीनों से सुस्त पड़ा ये स्टॉक बाजार खुलते ही अचानक रॉकेट की रफ्तार से भागा और 9.3% तक उछलकर ₹669.05 के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि, बाद में इसमें रिकवरी भी आई। हैरानी की बात ये है कि कंपनी ने कुछ दिन पहले ही तिमाही नतीजों में घाटा दिखाया था। फिर अचानक ऐसी क्या जादू की छड़ी घूमी कि निवेशक इस शेयर को खरीदने के लिए टूट पड़े? आइए जानते हैं इस तेजी के पीछे की वजह और अब आगे क्या करना चाहिए...
क्या है RBI का वो लेटर, जिसने टाटा स्टॉक में आई तेजी?
इस पूरी तेजी का असली कनेक्शन Tata Sons (टाटा संस) के संभावित IPO और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के एक ताजा कदम से जुड़ा है। दरअसल, टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी 'टाटा संस' को RBI ने 'अपर-लेयर एनबीएफसी' (NBFC-UL) की कैटेगरी में रखा है। नियमों के तहत इस कैटेगरी की कंपनियों को शेयर बाजार में लिस्ट होना (IPO लाना) जरूरी होता है। टाटा संस ने इस नियम से छूट मांगी थी, जिसे RBI ने 11 सितंबर को खारिज कर दिया था। अब ताजा खबर ये है कि 16 नवंबर को RBI ने टाटा संस के CFO सौरभ अग्रवाल को एक आधिकारिक लेटर लिखा है। इसमें केंद्रीय बैंक ने पहली बार साफ शब्दों में लिखित निर्देश दिया है कि टाटा संस को अपर-लेयर NBFC के सभी नियमों का पालन करना होगा, जिसमें शेयर बाजार में लिस्टिंग की शर्त भी शामिल है।
Tata Chemicals Stock क्यों झूमा?
बाजार के जानकारों के मुताबिक, टाटा केमिकल्स के पास टाटा संस की करीब 2.5% से 3% हिस्सेदारी है। अगर टाटा संस का IPO आता है, तो टाटा केमिकल्स के पास मौजूद इस हिस्सेदारी की वैल्यू कई गुना बढ़ जाएगी। बस इसी उम्मीद ने शेयर में जान फूंक दी!
टाटा केमिकल्स शेयर में 5 गुना बढ़ा वॉल्यूम
मंगलवार को इस शेयर में सिर्फ भाव ही नहीं बढ़ा, बल्कि ट्रेडिंग वॉल्यूम ने भी सबको चौंका दिया। शुरुआती बाजार में 9.3% की जोरदार तेजी देखने को मिली और भाव ₹669.05 तक पहुंच गया। इस दौरान कुल ट्रेडिंग वॉल्यूम 37.83 लाख शेयर शेयरों का रहा, जो साप्ताहिक औसत तेजी (7.09 लाख) से करीब 5.33 गुना ज्यादा है। कुल टर्नओवर भी ₹249.65 करोड़ रहा, जो वॉल्यूम लिस्ट में सबसे आगे है। इतने भारी वॉल्यूम का मतलब है कि छोटे निवेशकों के साथ-साथ बड़े खिलाड़ी भी इस स्टॉक में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
10 दिन पहले आया था ₹50 करोड़ का घाटा, फिर भी तेजी क्यों?
दिलचस्प बात ये है कि कंपनी के खुद के बिजनेस के आंकड़े अभी बहुत अच्छे नहीं हैं। 7 नवंबर को जारी हुए दूसरी तिमाही (Q2 FY27) के नतीजों में कंपनी को ₹50 करोड़ का नेट लॉस (घाटा) हुआ था, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी को ₹219 करोड़ का मुनाफा हुआ था। कंपनी की कुल बिक्री (Revenue) 8% बढ़कर ₹4,177 करोड़ रही, लेकिन कामकाजी मुनाफा (EBITDA) 29% गिरकर ₹381 करोड़ रह गया।
टाटा केमिकल्स का मुनाफा क्यों गिरा?
दुनियाभर में सोडा ऐश (Soda Ash) की कीमतें कमजोर हैं। इसके अलावा ब्रिटेन में बिजली-लॉजिस्टिक्स का खर्च बढ़ने और केन्या में कामकाज अस्थायी रूप से रुकने से कंपनी की कमाई पर दबाव पड़ा है। यानी साफ है कि आज की तेजी कंपनी के केमिकल बिजनेस की वजह से नहीं, बल्कि पूरी तरह से टाटा संस की लिस्टिंग की उम्मीद के दम पर आई है।
टाटा केमिकल्स में अब आगे क्या?
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर आप इस शेयर में निवेश की सोच रहे हैं, तो आगे की राह को 3 पॉइंट्स से समझें...
- मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, 26 नवंबर को टाटा संस की बोर्ड मीटिंग होने वाली है। इसमें RBI के इस लेटर पर चर्चा हो सकती है। इस मीटिंग से निकलने वाली खबर शेयर की अगली चाल तय करेगी।
- RBI ने लिस्टिंग के नियमों का पालन करने को तो कहा है, लेकिन इसके लिए कोई नई डेडलाइन तय नहीं की है। ऐसे में जल्दबाजी में कोई बड़ा फैसला लेने से बचें।
- पिछले 1 साल में यह शेयर करीब 23% टूट चुका है। अप्रैल 2026 में इसने ₹855 का हाई बनाया था, जबकि अक्टूबर 2026 में यह ₹570.10 के निचले स्तर तक फिसल गया था।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। इसे किसी भी शेयर को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं माना जाना चाहिए। शेयर बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले अपने सर्टिफाइड वित्तीय सलाहकार (Financial Advisor) से सलाह जरूर लें।










