- Home
- Business
- Train Ticket Rules: ट्रेन छूटने के बाद भी कैसे बच सकती है आपकी कंफर्म सीट? कम लोग ही जानते हैं ये नियम
Train Ticket Rules: ट्रेन छूटने के बाद भी कैसे बच सकती है आपकी कंफर्म सीट? कम लोग ही जानते हैं ये नियम
Missed Train Ticket Rules: कई बार थोड़ा-सा लेट होने से ट्रेन छूट जाती है। ऐसे में पैसेंजर को लगता है कि अब उसकी कंफर्म सीट भी गई। लेकिन रेलवे में ऐसा एक नियम है, जिसके तहत ट्रेन छूटने के बाद भी आपकी कंफर्म सीट कुछ समय तक बची रह सकती है। जानिए नियम

TTE कब तक आपकी बर्थ किसी और को नहीं दे सकता है?
रेलवे के नियमों के मुताबिक, अगर यात्री अपने बोर्डिंग स्टेशन पर ट्रेन नहीं पकड़ पाता है, तो टीटीई तुरंत उसकी सीट किसी दूसरे को नहीं दे सकता। टीटीई को कम से कम अगले दो स्टॉपेज (Two Next Stops) या ट्रेन खुलने के समय से 1 घंटे (जो भी पहले पूरा हो) तक जिसकी सीट है, उसका इंतजार करना ही पड़ता है। इस तय अवधि के अंदर टीटीई आपकी कंफर्म सीट को किसी भी RAC या वेटिंग वाले पैसेंजर को अलॉट नहीं कर सकता है।

अगले स्टेशन पर पहुंचकर कैसे बचाएं अपनी सीट?
अगर ट्रेन आपके सामने से निकल गई है, तो निराश होकर घर लौटने के बजाय तुरंत आगे का रूट चेक करें। अगर ट्रेन का अगला स्टॉपेज आसपास है, तो आप कैब, ऑटो या मेट्रो पकड़कर वहां ट्रेन से पहले पहुंच सकते हैं। अगले स्टेशन पर ट्रेन में बैठते ही सबसे पहले टीटीई से मिलें और बताएं कि पिछले स्टेशन पर ट्रेन मिस हो गई थी। नियम के अनुसार, आपको अपनी उसी कंफर्म बर्थ पर सफर करने का पूरा अधिकार मिलता है।
नए डिजिटल सिस्टम का रखें खास ध्यान
अब टीटीई कागजी चार्ट के बजाय डिजिटल टैबलेट यानी हैंडहेल्ड टर्मिनल (HHT) का इस्तेमाल करते हैं, जिससे नियम थोड़े सख्त हुए हैं। अगर दो स्टॉपेज बीतने के बाद भी यात्री नहीं पहुंचता, तो टीटीई सिस्टम में 'No Show' दर्ज कर देता है। इसके मार्क होते ही सीट सिस्टम की तरफ से खुद-ब-खुद आरएसी या वेटिंग लिस्ट वाले को ट्रांसफर हो जाती है। इसलिए दो स्टॉप खत्म होने से पहले ही ट्रेन में चढ़कर टीटीई को अपनी मौजूदगी दर्ज कराना जरूरी है।
अगर पहले से स्टेशन न पहुंच पाने की जानकारी हो, तो क्या करें?
अगर आपको घर से निकलते वक्त ही लग जाए कि ट्रैफिक या किसी वजह से तय स्टेशन तक पहुंचना मुश्किल होगा, तो चार्ट बनने से पहले ही IRCTC पोर्टल पर जाकर अपना बोर्डिंग स्टेशन ऑनलाइन बदल लें। ऐसा करने से टीटीई नए बोर्डिंग स्टेशन तक आपकी सीट सुरक्षित रखेगा और आपको किसी तरह की भागदौड़ या परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी।
ट्रेन छूटने पर पैसा वापस कैसे पाएं?
अगर ट्रेन काफी आगे निकल चुकी है और अगले दो स्टेशनों तक भी पहुंचना नामुमकिन हो, तो टिकट का पैसा बर्बाद होने से बचाया जा सकता है। ट्रेन छूटने के तय समय में IRCTC ऐप या वेबसाइट पर जाकर तुरंत TDR (Ticket Deposit Receipt) फाइल करें। इसमें 'ट्रेन मिस होने' का सही कारण चुनें। रेलवे नियमों के तहत वेरिफिकेशन के बाद किराए का एक बड़ा हिस्सा आपको रिफंड के तौर पर वापस मिल जाता है।
डिस्क्लेमर: ये जानकारी भारतीय रेलवे और IRCTC के नियमों और दिशा-निर्देशों पर आधारित है। रेलवे प्रशासन परिचालन कारणों और समय-समय पर अपने टिकट बुकिंग, कैंसिलेशन और रिफंड नियमों में संशोधन करता रहता है। किसी भी आपात स्थिति में सटीक जानकारी और सहायता के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें या आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट जरूर देखें।
अर्थव्यवस्था, बजट, स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और शेयर मार्केट अपडेट्स के लिए Business News in Hindi पढ़ें। निवेश सलाह, बैंकिंग अपडेट्स और गोल्ड-सिल्वर रेट्स समेत पर्सनल फाइनेंस की जानकारी Money News in Hindi सेक्शन में पाएं। वित्तीय दुनिया की स्पष्ट और उपयोगी जानकारी — Asianet News Hindi पर।

