टाटा ग्रुप की ट्रेंट लिमिटेड के शेयर Q1 बिजनेस अपडेट के बाद 12% तक टूट गए। रेवेन्यू ग्रोथ उम्मीद से कम रहने पर ब्रोकरेज ने सतर्क रहने की सलाह दी।
Trent Stock Crash Reason: मंगलवार 7 जुलाई को शेयर बाजार में भले ही तेजी हो, लेकिन टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी ट्रेंट के शेयर में भारी बिकवाली देखी जा रही है। कंपनी के जून तिमाही (Q1) के नतीजों के बाद निवेशकों ने इस स्टॉक में भारी बिकवाली की, जिससे शुरुआती कारोबार में ही शेयर 10 फीसदी से ज्यादा टूट गया। फिलहाल स्टॉक करीब 12 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है।

Trent Share Price Today: कितना गिरा शेयर?
बीएसई पर ट्रेंट लिमिटेड का शेयर सुबह 3,111 रुपये पर खुला। कारोबार शुरू होते ही इसमें तेज बिकवाली देखने को मिली और शेयर एक समय 2,938 रुपये के निचले स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद भी दबाव बना रहा और स्टॉक करीब 2,941 रुपये के आसपास 12 फीसदी से ज्यादा की गिरावट के साथ कारोबार करता दिखा।
Trent के शेयरों में गिरावट की वजह क्या है?
- ब्रोकरेज फर्मों का मानना है कि कंपनी का जून तिमाही बिजनेस अपडेट बाजार की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। खासतौर पर रेवेन्यू ग्रोथ अनुमान से कमजोर रही, जिससे निवेशकों का भरोसा प्रभावित हुआ।
- इसके अलावा, जिस तिमाही में आमतौर पर स्टोर विस्तार कम रहता है, उस दौरान भी नए स्टोर खोलने की रफ्तार उम्मीद से धीमी रही। बाजार को कंपनी से 20 फीसदी से अधिक रेवेन्यू ग्रोथ की उम्मीद थी, लेकिन आंकड़े उससे कम रहे। यही कारण है कि शेयर में तेज बिकवाली देखने को मिली।
Trent Q1 Business Update: जून तिमाही में कैसा रहा प्रदर्शन?
ट्रेंट लिमिटेड ने जून तिमाही में 5,666 करोड़ रुपये का स्टैंडअलोन रेवेन्यू दर्ज किया। पिछले साल की समान तिमाही में यह आंकड़ा 4,781 करोड़ रुपये था। तिमाही के अंत तक कंपनी के पास कुल 1,312 स्टोर थे। इनमें 301 वेस्टसाइड (Westside) स्टोर, 982 ज़ूडियो (Zudio) स्टोर और 29 अन्य लाइफस्टाइल फॉर्मेट स्टोर शामिल हैं।
Trent Share Target Price: ब्रोकरेज की क्या राय है?
जून तिमाही के अपडेट के बाद अलग-अलग ब्रोकरेज हाउस ने ट्रेंट पर अपनी राय दी है।
- Bernstein ने स्टॉक पर 'Outperform' रेटिंग बरकरार रखते हुए 3,500 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।
- Morgan Stanley ने 'Overweight' रेटिंग कायम रखी है और 3,151 रुपये का लक्ष्य तय किया है।
- Citi ने 'Sell' रेटिंग दोहराते हुए 2,733 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि स्टैंडअलोन रेवेन्यू ग्रोथ उम्मीद से कम रही और प्रति स्क्वायर फुट रेवेन्यू में सालाना आधार पर 12.2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।
निवेशकों के लिए क्या संकेत हैं?
जून तिमाही के बिजनेस अपडेट के बाद ट्रेंट लिमिटेड के शेयरों में आई तेज गिरावट यह दिखाती है कि बाजार कंपनी से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा था। अब निवेशकों की नजर आने वाली तिमाहियों में कंपनी की रेवेन्यू ग्रोथ, नए स्टोर विस्तार और मुनाफे में सुधार पर रहेगी।


