Which Came First Chicken or Egg: मुर्गी पहले आई या अंडा? वैज्ञानिकों ने अंडे के खोल बनने का रहस्य समझकर सदियों पुरानी पहेली को नया मोड़ दिया है। जानिए इस प्रश्न का क्या है असली वैज्ञानिक जवाब।

Chicken and Egg Mystery: मुर्गी पहले आई या अंडा? यह सवाल सुनने में भले ही बच्चों की पहेली जैसा लगे, लेकिन इसके पीछे विकासवाद और जीव विज्ञान का दिलचस्प कनेक्शन छिपा है। वैज्ञानिकों ने अंडे के खोल बनने की प्रक्रिया को करीब से समझकर इस बहस में एक अहम सुराग जरूर खोजा है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि विज्ञान ने हर स्थिति में “मुर्गी पहले” का अंतिम फैसला सुना दिया है। मुर्गी पहले आई या अंडा? वैज्ञानिकों ने क्या बताया जानने के लिए आगे पढ़ें।

अंडे का खोल कैसे बनता है?

2010 में ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ शेफील्ड और यूनिवर्सिटी ऑफ वारविक के शोधकर्ताओं ने कंप्यूटर सिमुलेशन की मदद से अंडे के खोल बनने की प्रक्रिया का अध्ययन किया। रिसर्च में ovocleidin-17 यानी OC-17 नाम के प्रोटीन की अहम भूमिका सामने आई।

यह प्रोटीन मुर्गी के शरीर में अंडे के खोल में मौजूद कैल्शियम कार्बोनेट को क्रिस्टल का रूप लेने में मदद करता है। आसान भाषा में कहें तो OC-17 अंडे के खोल की शुरुआती क्रिस्टल बनने की प्रक्रिया को शुरू करने में मदद करता है।

इसी वजह से उस रिसर्च को मुर्गी और अंडे की पहेली से जोड़ते हुए कहा गया कि इस खास संदर्भ में मुर्गी या कम से कम मुर्गी से जुड़ा प्रोटीन पहले होना जरूरी है। लेकिन वैज्ञानिकों ने इसे पूरे विकासवादी इतिहास का अंतिम जवाब नहीं बताया था।

ये भी पढ़ें- नौकरी देने से पहले एक दिन काम? कोलकाता के इस हायरिंग दावे ने खड़े किए बड़े सवाल

विकासवाद क्या कहता है?

यहीं कहानी और दिलचस्प हो जाती है। अंडे मुर्गियों के आने से बहुत पहले धरती पर मौजूद थे। डायनासोर समेत कई प्राचीन जीव अंडे देते थे और पक्षियों के आधुनिक रूप सामने आने से करोड़ों साल पहले ही अंडे विकास की प्रक्रिया का हिस्सा बन चुके थे। इसलिए अगर सवाल हो कि “अंडा या मुर्गी, विकासवादी इतिहास में पहले क्या आया?” तो जवाब अंडे की तरफ जाता है।

लेकिन अगर सवाल खास तौर पर “मुर्गी का अंडा” है, तो मामला थोड़ा पेचीदा है। आधुनिक मुर्गी धीरे-धीरे अपने पूर्वजों से विकसित हुई। किसी एक पीढ़ी में एक ऐसा पक्षी पैदा हुआ होगा जो आनुवंशिक बदलावों की लंबी प्रक्रिया का हिस्सा था और जिसे हम आधुनिक मुर्गी के बेहद करीब मान सकते हैं। वह भी एक अंडे से ही निकला होगा।

ये भी पढ़ें- कौन हैं आदित्य सेनगुप्ता? फ्लाइट में डरे तो बना डाला Turbulence का AI सिस्टम, जीती 83 लाख की स्कॉलरशिप

असली जवाब सवाल के मतलब में छिपा है

इसलिए “मुर्गी पहले या अंडा?” का वैज्ञानिक जवाब इस बात पर निर्भर करता है कि हम किस अंडे की बात कर रहे हैं और सवाल को कैसे परिभाषित कर रहे हैं।

OC-17 पर हुई रिसर्च ने अंडे का खोल बनने की प्रक्रिया का शानदार वैज्ञानिक सुराग दिया, लेकिन यह साबित नहीं किया कि पृथ्वी पर सबसे पहला अंडा मुर्गी से आया था। वैज्ञानिक नजरिए से अंडा मुर्गियों से बहुत पुराना है। यही इस सदियों पुरानी पहेली का सबसे दिलचस्प पहलू है।