Dharmendra Family Education: धर्मेंद्र के निधन के बाद लोगों में उनकी फैमिली की एजुकेशन को लेकर दिलचस्पी बढ़ गई है। जानें धर्मेंद्र, हेमा मालिनी और उनके बच्चों ने कितनी पढ़ाई की है।
Dharmendra Family Qualification: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे। 89 साल की उम्र में उनका जाना सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री ही नहीं, बल्कि उनके लाखों चाहने वालों के लिए भी एक गहरा सदमा है। धर्मेंद्र सिर्फ एक सुपरस्टार नहीं थे, बल्कि एक ऐसा नाम थे जिसने अपनी मेहनत, सादगी और दिल छू लेने वाले स्वभाव से लोगों के दिलों में हमेशा के लिए जगह बना ली। उनके जाने के बाद लोग उनके करियर, उनके संघर्ष और उनकी फिल्मी विरासत को याद कर रहे हैं। इसी बीच लोग जानना चाहते हैं कि देओल परिवार के सदस्यों की एजुकेशन क्वालिफिकेशन क्या है। धर्मेंद्र, हेमामालिनी से लेकर उनके बच्चे तक, जानिए कौन कितना पढ़ा-लिखा है?
धर्मेंद्र : 10वीं तक की पढ़ाई और फिल्मों से गहरा लगाव
धर्मेंद्र ने स्कूल की पढ़ाई 10वीं तक की थी। पढ़ाई के साथ मन उनका फिल्मों की ओर ज्यादा खिंचता था। बचपन से ही फिल्मों का ऐसा क्रेज था कि आगे चलकर उन्होंने पढ़ाई से ज्यादा सिनेमा को अपनी दुनिया बना लिया। यही जुनून बाद में उन्हें बॉलीवुड का सुपरस्टार बना गया।
हेमा मालिनी: 12वीं पास, साथ ही तीन क्लासिकल डांस में महारत
हेमा मालिनी ने 12वीं तक शिक्षा हासिल की। हालांकि उनकी असली पहचान क्लासिकल डांस की दुनिया में बनी। भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी और ओडिसी जैसे नृत्यों में उन्होंने कमाल की पकड़ बनाई। इसी कला ने उन्हें बॉलीवुड की 'ड्रीम गर्ल' बनाया।

सनी देओल: मुंबई से कॉमर्स की पढ़ाई, फिर धमाकेदार डेब्यू
बड़े बेटे सनी देओल ने मुंबई के रमणिरंजन आनंदीलाल पोद्दार कॉलेज से कॉमर्स और इकोनॉमिक्स की पढ़ाई की। 1983 में आयी फिल्म ‘बेताब’ ने उन्हें रातों-रात सुपरस्टार बना दिया और फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
बॉबी देओल: जमनाबाई नरसी, मेयो कॉलेज और फिर मीठीबाई से ग्रेजुएशन
बॉबी देओल की शुरुआती पढ़ाई मुंबई के जमनाबाई नरसी स्कूल से हुई। फिर वह राजस्थान के मशहूर मेयो कॉलेज, अजमेर गए। बाद में मुंबई के मीठीबाई कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। 1995 में आई ‘बरसात’ से उनका डेब्यू हुआ और उन्हें भी तुरंत पहचान मिल गई।

करण देओल: एक्टिंग की ट्रेनिंग के साथ बॉलीवुड एंट्री
सनी देओल के बेटे करण देओल ने 2019 में ‘पल पल दिल के पास’ से अपनी शुरुआत की। उनकी स्कूली और कॉलेज पढ़ाई के बारे में ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं है, लेकिन इतना जरूर बताया जाता है कि उन्होंने एक्टिंग की प्रोफेशनल ट्रेनिंग ली है।
ये भी पढ़ें- कितने पढ़े-लिखे हैं धर्मेंद्र? बॉलीवुड के 'हीमैन' के पास कितनी डिग्री
राजवीर देओल: बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई, साथ में एक्टिंग की तैयारी
बॉबी देओल के बेटे राजवीर फिलहाल बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहे हैं। वह फिल्मों में आने की तैयारी भी कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें अक्सर वायरल होती रहती हैं।
अभय देओल: CMS स्कूल से पढ़ाई, फिर एक्टिंग ट्रेनिंग
अभय देओल ने अपनी शुरुआती पढ़ाई लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल में की। उनके कॉलेज की जानकारी भले ही पब्लिक नहीं है, लेकिन एक्टिंग की ट्रेनिंग लेने के बाद उन्होंने फिल्मों में कदम रखा और अलग तरह की फिल्मों कर अपनी अलग पहचान बनाई।
ये भी पढ़ें- करोड़ों कमाने वाले सुपरस्टार धर्मेंद्र की कितनी थी पहली सैलरी?
ईशा देओल: जमनाबाई नरसी स्कूल से इंग्लैंड की ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी तक
धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की बेटी ईशा देओल जमनाबाई नरसी स्कूल की छात्रा रही हैं। आगे की पढ़ाई उन्होंने इंग्लैंड की Oxford University से की, जहां उन्होंने मास्टर्स इन मीडिया आर्ट्स एंड कंप्यूटर टेक्नोलॉजी पूरा किया। वह भी अपनी मां की तरह क्लासिकल डांसर हैं।

अहाना देओल: मीठीबाई कॉलेज और ओडिसी डांस में स्पेशल कोर्स
अहाना देओल ने मीठीबाई कॉलेज से पढ़ाई की और फिर ओडिसी डांस का स्पेशल कोर्स किया। वह फिल्मों से दूर रहती हैं, लेकिन कला और परिवार दोनों में उनकी भूमिका बेहद खूबसूरत मानी जाती है।
