भारत में IAS-IPS के जैसा पाकिस्तान में कौन सी पोस्ट, सैलरी और पावर में कौन आगे?
IAS vs PAS: भारत में UPSC की परीक्षा पास करके लोग IAS और IPS बनते हैं। इसे देश की सबसे प्रतिष्ठित नौकरियों में से एक माना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जैसे भारत में आईएएस और आईपीएस होते हैं वैसे पाकिस्तान में कौन-सी पोस्ट है। जानिए पूरी डिटेल।

भारत के जैसे पाकिस्तान में भी होती है एक सिविल सेवा परीक्षा
जैसे भारत में IAS और IPS होते हैं वैसे ही पाकिस्तान में भी एक सिविल सेवा परीक्षा होती है, जिसे CSS (सेंट्रल सुपीरियर सर्विसेज) कहा जाता है। इस परीक्षा के जरिए पाकिस्तान में PAS (पाकिस्तान एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस) और PSP (पुलिस सर्विस ऑफ पाकिस्ता) जैसे अधिकारी चुने जाते हैं। यानी IAS के बराबर वहां PAS और IPS के बराबर PSP होते हैं।
IAS-IPS vs PAS-PSP अधिकारी कैसे बनते हैं? परीक्षा और सेलेक्शन प्रोसेस
भारत में IAS बनने के लिए उम्मीदवारों को UPSC द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा देनी होती है, जिसमें तीन चरण होते हैं, प्रीलिम्स, मेंस और इंटरव्यू। वहीं पाकिस्तान में CSS परीक्षा भी लगभग इसी पैटर्न पर होती है, जिसमें लिखित परीक्षा, साइकोलॉजिकल टेस्ट, इंटरव्यू और मेडिकल चेकअप शामिल होता है। दोनों ही देशों में इस परीक्षा में सफल होने के बाद चयनित उम्मीदवारों को ट्रेनिंग के लिए भेजा जाता है। भारत में IAS, IPS की ट्रेनिंग मसूरी स्थित LBSNAA में होती है जबकि पाकिस्तान में यह ट्रेनिंग लाहौर की सिविल सर्विसेज एकेडमी (CSA) में दी जाती है।
IAS-IPS vs PAS-PSP ऑफिसर काम और जिम्मेदारियां क्या हैं, कौन ज्यादा पावरफुल?
काम और जिम्मेदारियों की बात करें, तो भारत में IAS अफसर जिला कलेक्टर, सचिव या अन्य प्रशासनिक पदों पर काम करते हैं। IPS अधिकारी पुलिस विभाग में SP, DIG, IG जैसे पदों पर तैनात रहते हैं। पाकिस्तान में भी यही सिस्टम है, PAS अधिकारी जिला कमिश्नर या मंत्रालयों में सचिव जैसे रोल निभाते हैं, जबकि PSP अधिकारी SSP, DIG जैसे पुलिस पदों पर काम करते हैं। इन पोस्ट पर व्यक्ति अपने-अपने देश में काफी पावरफुल होता है।
IAS-IPS vs PAS-PSP ऑफिसर सैलरी और सुविधाएं
सैलरी की बात करें तो भारत में IAS, IPS अधिकारियों की शुरुआती सैलरी लगभग 56,100 रुपए (पे लेवल-10) होती है, जिसमें हाउस रेंट, ट्रेवल, DA जैसे तमाम भत्ते मिलते हैं। पाकिस्तान में PAS, PSP अधिकारियों की शुरुआती सैलरी लगभग PKR 60,000 से 80,000 होती है, जो भारतीय रुपये में करीब 18,000–25,000 रुपए होती है। हालांकि वहां भी सरकार की ओर से आवास, गाड़ी, स्टाफ और सुरक्षा जैसी सुविधाएं दी जाती हैं।
भारत की UPSC परीक्षा या पाकिस्तान की CSS परीक्षा ज्यादा कठिन कौन?
अगर दोनों देशों की तुलना करें तो भारत की UPSC परीक्षा न केवल कठिन मानी जाती है, बल्कि वैश्विक स्तर पर उसकी पारदर्शिता और निष्पक्षता की भी तारीफ होती है। वहीं पाकिस्तान की CSS परीक्षा भी प्रतिष्ठित मानी जाती है, लेकिन वहां राजनीतिक हस्तक्षेप और सिस्टम में पारदर्शिता की कमी को लेकर सवाल उठते रहते हैं।
भारत और पाकिस्तान दोनों देशों में सिविल सेवा एक प्रतिष्ठित करियर
हालांकि भारत और पाकिस्तान दोनों देशों में सिविल सेवा एक प्रतिष्ठित करियर ऑप्शन है। भारत और पाकिस्तान की प्रशासनिक सेवाओं में वर्क नेचर, पोस्ट और ट्रेनिंग का ढांचा काफी हद तक एक जैसा है, क्योंकि दोनों ही देश ब्रिटिश राज की ब्यूरोक्रेट्स सिस्टम से डेवलप हुए हैं। फर्क बस इतना है कि भारत की प्रशासनिक सेवा प्रणाली पाकिस्तान से कहीं अधिक मजबूत, संगठित और प्रभावशाली मानी जाती है।