Maharashtra Police Recruitment 2025: महाराष्ट्र सरकार ने पुलिस बल को मजबूत करने के लिए 15,000 नए कांस्टेबलों की भर्ती को मंजूरी दी है। भर्ती OMR आधारित परीक्षा से होगी और उम्र सीमा पार कर चुके उम्मीदवारों को भी विशेष छूट मिलेगी। जानिए डिटेल।
Maharashtra Police Bharti 2025: महाराष्ट्र में पुलिस बल की कमी को पूरा करने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में 15,000 नए पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती को हरी झंडी दे दी गई। सरकार का मानना है कि इस कदम से पुलिसकर्मियों पर काम का बोझ कम होगा और आम जनता को बेहतर सुरक्षा मिल सकेगी। इस वैकेंसी के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जल्द ही जारी किए जाएंगे, जिसके बाद योग्य व इच्छुक कैंडिडेट आवदेन कर सकते हैं।
Maharashtra Police Department Recruitment Vacancy: महाराष्ट्र पुलिस विभाग में किस पोस्ट के लिए कितनी वैकेंसी
पुलिस विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, इस भर्ती में 10,908 सामान्य पुलिस कांस्टेबल, 234 ड्राइवर कांस्टेबल, 25 पुलिस बैंड के लिए कांस्टेबल और 2,393 सशस्त्र पुलिस कांस्टेबल शामिल होंगे। इसके अलावा 554 जेल कांस्टेबल भी भर्ती किए जाएंगे। सभी पदों के लिए चयन प्रक्रिया संबंधित जिलों में ही पूरी की जाएगी।
Maharashtra Police Recruitment Process: OMR बेस्ड लिखित परीक्षा के माध्यम से होगी भर्ती
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए OMR आधारित लिखित परीक्षा कराई जाएगी। इसके साथ ही शारीरिक परीक्षण और दस्तावेजों की जांच का जिम्मा एडीजी (प्रशिक्षण) को सौंपा गया है।
ये भी पढ़ें- एग्रीकल्चर में ग्रेजुएट होने के बाद नौकरी कहां मिलती है? सरकारी जॉब्स से स्टार्टअप तक ये हैं करियर के बेस्ट ऑप्शन
Maharashtra Police Recruitment Age Limit: उम्र सीमा में मिलेगी छूट
पिछले साल महाराष्ट्र पुलिस ने 17,471 पदों के लिए भर्ती निकाली थी, जिसमें कांस्टेबल, ड्राइवर, बैंड मैन, SRPF के जवान और जेल कर्मचारी शामिल थे। उस समय कुल 17.76 लाख आवेदन आए थे, जिससे इस पद की लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है। इस बार सरकार ने एक विशेष छूट भी दी है। जिन उम्मीदवारों की उम्र 18 से 28 साल की तय सीमा 2022 और 2023 में पार हो गई थी, वे भी इस भर्ती में आवेदन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री फडणवीस के अनुसार पुलिस कांस्टेबल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। इस भर्ती से विभाग का कामकाज आसान होगा और जनता को त्वरित सेवा मिलेगी। सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट और सभी दलों के कई विधायक लंबे समय से पुलिस कांस्टेबल की भर्ती प्रक्रिया तेज करने की मांग कर रहे थे, जिसे अब मंजूरी दे दी गई है।
ये भी पढ़ें- AI में करियर कैसे बनाएं? जानिए कौन से सब्जेक्ट्स और स्किल्स हैं जरूरी
