- Home
- Career
- Education
- Top 5 Silver Mines: दुनिया की सबसे बड़ी चांदी की खदानें कहां हैं? जानिए कितना भंडार
Top 5 Silver Mines: दुनिया की सबसे बड़ी चांदी की खदानें कहां हैं? जानिए कितना भंडार
World Largest Silver Mines: इन दिनों सोना ही नहीं चांदी भी लगातार महंगी होती जा रही है। चांदी का इस्तेमाल गहने, बर्तन बनाने के साथ कई चीजों के लिए किया जाता है। चांदी की बढ़ती कीमत के बीच जानिए दुनिया की 5 सबसे बड़ी चांदी की खदानें कौन-सी हैं?

पेनास्क्विटो, मेक्सिको
अगर चांदी की बात हो तो पेनास्क्विटो खदान सबसे ऊपर है। यह खदान मेक्सिको के जाकाटेकास राज्य में है और यहां का चांदी भंडार लगभग 912 मिलियन औंस तक पहुंचता है। पेनास्क्विटो में दो बड़ी खुली खदानें हैं, पेनास्को और चिली कोलोराडो, जो मिलकर पूरे मेक्सिको में सबसे बड़ी खुली खदान बनाती हैं। रोजाना 1,30,000 टन अयस्क यहां प्रोसेस होता है। 2010 में शुरू हुई यह खदान अगले 22 साल तक चांदी देती रहेगी।
पोल्कोविस-सीरोसोविस, पोलैंड
दूसरे नंबर पर पोलैंड की पोल्कोविस-सीरोसोविस खदान है। यह खदान 545 मिलियन औंस चांदी के भंडार के साथ दुनिया की बड़ी चांदी खदानों में शामिल है। यहां भूमिगत खनन होता है और अयस्क निकालने के लिए विस्फोटक विधि का इस्तेमाल किया जाता है। 2012 में इस खदान से 14 मिलियन औंस चांदी निकाली गई थी। यह खदान पोलैंड के लेग्निका-ग्लोगोव कॉपर बेल्ट में है और केजीएचएम नाम की सरकारी कंपनी इसे चलाती है।
सैन क्रिस्टोबल, बोलीविया
बोलीविया की सैन क्रिस्टोबल खदान भी दुनिया की सबसे बड़ी खदानों में तीसरे नंबर पर है। यहां 533 मिलियन औंस चांदी का भंडार है। यह खुली खदान है और चांदी के साथ-साथ सीसा और जस्ता भी मिलता है। जापान की कंपनी सुमितोमो इसका संचालन करती है। अयस्क को पास के संयंत्र तक ले जाकर 40,000 टन प्रतिदिन की क्षमता वाले प्लांट में प्रोसेस किया जाता है।
पिटरिला, मेक्सिको
दूसरी मेक्सिको की बड़ी खदान पिटरिला है, जो डुरांगो राज्य में स्थित है। दिसंबर 2012 तक इस खदान में 478.7 मिलियन औंस चांदी का अनुमानित भंडार था। यह परियोजना अभी पूरी तरह से चालू नहीं हुई, लेकिन चालू होने पर यह सालाना 15 मिलियन औंस चांदी उत्पादन करने में सक्षम होगी। यहां खनन के लिए खुली खदान विधि और अयस्क को फ्लोटेशन व लीचिंग विधि से प्रोसेस किया जाएगा।
लुबिन, पोलैंड
पोलैंड की लुबिन खदान भी विश्व की शीर्ष 5 में शामिल है। यहां 442 मिलियन औंस चांदी है। यह भूमिगत खदान है और 1968 से काम कर रही है। खनन के लिए रूम-एंड-पिलर और हाइड्रोलिक बैकफिल विधि का इस्तेमाल होता है। हर साल करीब 13 मिलियन औंस चांदी का उत्पादन होता है।

