World Students Day 2025: आपको जान कर हैरानी होगी कि 15 अक्टूबर को सिर्फ भारत में वर्ल्ड स्टूडेंट्स डे मनाया जाता है। जानिए क्यों यह दिन पूरी दुनिया में नहीं मनाया जाता और इसके पीछे की कहानी।
World Students Day 2025: भारत में हर साल 15 अक्टूबर को वर्ल्ड स्टूडेंट्स डे मनाया जाता है। इसे मनाने का मकसद है डॉ एपीजे अब्दुल कलाम की जयंती पर उन्हें याद करना है। उन्होंने न सिर्फ विज्ञान और तकनीक में महत्वपूर्ण योगदान दिया, बल्कि लाखों छात्रों को सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा भी दी। डॉ कलाम का जन्म 15 अक्टूबर 1931 को रामेश्वरम, तमिलनाडु में हुआ था। उनका परिवार साधारण था। पिता नाव मालिक और स्थानीय मस्जिद के इमाम थे, जबकि मां घर संभालती थीं। बचपन से ही डॉ कलाम में सीखने की असीम इच्छा और जिज्ञासा थी।
डॉ कलाम का एजुकेशन क्वालिफिकेशन: रामनाथपुरम से MIT तक
उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई श्वार्ट्ज हायर सेकेंडरी स्कूल, रामनाथपुरम से की और 1954 में सेंट जोसेफ कॉलेज, तिरुचिरापल्ली से फिजिक्स में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की। उनकी उड़ान और एयरोनॉटिक्स में गहरी रुचि ने उन्हें मद्रास इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT) की ओर खींचा, जहां उन्होंने एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। यही वह आधारशिला थी, जिस पर उनका अद्भुत साइंटिस्ट करियर खड़ा हुआ।
शिक्षक और मार्गदर्शक भी थे डॉ कलाम
डॉ एपीजे अब्दुल कलाम सिर्फ महान वैज्ञानिक ही नहीं थे, बल्कि अच्छे शिक्षक और मार्गदर्शक भी थे। उनका मानना था कि हर छात्र में बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की क्षमता होती है। बस जरूरत है सही दिशा और मेहनत की। इसी वजह से भारत में उनका जन्मदिन छात्रों के लिए समर्पित किया गया है।
ये भी पढ़ें- बिहार की पहली महिला MLA को जानिए, जिनके नाम पर पटना में है अनीसाबाद
अंतराष्ट्रीय स्तर पर नहीं सिर्फ भारत में मनाया जाता है वर्ल्ड स्टूडेंट्स डे
वर्ल्ड स्टूडेंट्स डे को लेकर एक छोटी सी गलती आमतौर पर होती है। लोग अक्सर सोचते हैं कि 15 अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र (UN) ने World Students Day घोषित किया है। असल में ऐसा नहीं है। UN के राष्ट्रीय सूचना अधिकारी राजीव चंद्रन ने भी बताया कि ऐसी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। UN की वेबसाइट के मुताबिक, 15 अक्टूबर International Day of Rural Women के रूप में मनाया जाता है। यह दिन खासकर ग्रामीण महिलाओं के योगदान और कृषि विकास में उनके अहम रोल को मान्यता देने के लिए है। दुनिया में International Students Day 17 नवंबर को मनाया जाता है। यानी, World Students Day 15 अक्टूबर को सिर्फ भारत में मनाया जाता है। यह दिन छात्रों को डॉ कलाम की मेहनत, सादगी और देशभक्ति से प्रेरित करता है। उनका संदेश साफ था- 'सपने देखो, मेहनत करो और देश के लिए कुछ करो।' डॉ कलाम की यह अनमोल विरासत छात्रों के लिए हमेशा प्रेरणा और मार्गदर्शन का स्रोत बनी रहेगी।
ये भी पढ़ें- एपीजे अब्दुल कलाम के पास थी 48 डॉक्टरेट्स की डिग्री, जानिए रोचक बातें
