Gen Z Work Culture Viral post: Gen Z के बदलते ऑफिस वर्क कल्चर पर वायरल पोस्ट चर्चा में है। समय पर घर लौटना, वीकेंड पर काम से दूरी और वर्क-लाइफ बैलेंस पर उनकी अपनी राय है। जानिए

Gen Z Work Culture: क्या ऑफिस में देर तक रुकना ही मेहनत की पहचान है? क्या हर वीकेंड काम के लिए उपलब्ध रहना जरूरी है? इन सवालों पर नई पीढ़ी यानी Gen Z का नजरिया पुराने वर्क कल्चर से बिल्कुल अलग दिखाई दे रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सामने आई एक चर्चा ने इसी बदलाव को लेकर बहस छेड़ दी है। पोस्ट में दावा किया गया है कि कई Gen Z कर्मचारी अब काम और पर्सनल लाइफ के बीच साफ सीमाएं तय कर रहे हैं और बिना किसी झिझक के अपने अधिकारों को लेकर आवाज भी उठा रहे हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

समय पर ऑफिस छोड़ना, वीकेंड पर ऑफिस कॉल नहीं उठाना

X यूजर शीटल रिजवानी ने अपने पोस्ट में अपनी कजिन के अनुभव का जिक्र किया। उनके मुताबिक, ऑफिस में Gen Z कर्मचारियों का एक समूह है, जो रोज तय समय पर साथ में ऑफिस से निकलता है। इस ग्रुप का मानना है कि सिर्फ मैनेजर को प्रभावित करने के लिए देर तक ऑफिस में रुकने की जरूरत नहीं है। यही नहीं, ये कर्मचारी छुट्टी के दिन या वीकेंड पर ऑफिस कॉल और मैसेज का जवाब देने से भी बचते हैं ताकि उनका पर्सनल टाइम इफेक्ट न हो।

गलत व्यवहार पर चुप रहने की बजाय सीधे HR तक पहुंचती है बात

पोस्ट के अनुसार, अगर किसी मैनेजर का व्यवहार ठीक नहीं होता तो कर्मचारी उसे नजरअंदाज करने की बजाय सीधे HR के सामने मामला रखते हैं। दावा किया गया है कि ऐसे मामलों में HR भी शिकायत को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करता है। इससे कर्मचारियों के बीच यह भरोसा बढ़ता है कि कार्यस्थल पर सम्मानजनक माहौल बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

ऑफिस में AC खराब हुआ तो पूरी टीम कैफे पहुंच गई

पोस्ट में एक दिलचस्प घटना का भी जिक्र किया गया। बताया गया कि एक दिन ऑफिस का एयर कंडीशनर खराब हो गया। ऐसे में Gen Z कर्मचारियों ने गर्म माहौल में काम जारी रखने के बजाय पास के एक कैफे में जाकर HR को सूचित किया कि सुविधा बहाल होने के बाद ही वे वापस लौटेंगे। इस घटना को कई लोगों ने कर्मचारियों के अधिकारों और बेहतर कार्य परिस्थितियों की मांग के तौर पर देखा। नीचे देखें वायरल पोस्ट-

Scroll to load tweet…

सोशल मीडिया पर बंटी राय, शुरू हुई नई बहस

यह पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ यूजर्स का कहना है कि नई पीढ़ी मेंटल हेल्थ, वर्क-लाइफ बैलेंस और सम्मानजनक कार्य संस्कृति को प्राथमिकता दे रही है, जो लंबे समय में सकारात्मक बदलाव ला सकता है। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि यह रवैया तभी तक आसान है, जब तक नौकरी का बाजार मजबूत है। उनका कहना है कि प्रतिस्पर्धा बढ़ने और तकनीक के तेजी से बदलते दौर में कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का भी पूरा ध्यान रखना होगा।

बदलते वर्क कल्चर की नई तस्वीर

पूरी चर्चा इस बात की ओर इशारा करती है कि आज के कार्यस्थलों में कर्मचारियों की सोच तेजी से बदल रही है। नई पीढ़ी केवल लंबे समय तक ऑफिस में मौजूद रहने को प्रोडक्टिविटी नहीं मानती, बल्कि तय समय में बेहतर काम करने, व्यक्तिगत जीवन के लिए समय निकालने और हेल्दी वर्क एनवायरमेंट को भी उतनी ही अहमियत देती है। दूसरी ओर, अनुभव रखने वाली पीढ़ी नौकरी की स्थिरता और जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देती है। ऐसे में आने वाले समय में भारतीय कॉरपोरेट संस्कृति में वर्क-लाइफ बैलेंस, कर्मचारी अधिकार और प्रदर्शन आधारित कार्यशैली पर चर्चा और तेज होने की संभावना है।