Manager Micromanagement Viral Post: ऑफिस पहुंचते ही ‘Reached’ मैसेज और शाम 7 बजे तक रुकने का नियम! मैनेजर की सख्ती से परेशान कर्मचारियों ने Reddit पर अपनी भड़ास निकालते हुए पूरी कहानी सुनाई। जानिए क्या लिखा।

Reddit Viral Post: ऑफिस पहुंचते ही ‘Reached’ लिखना, शाम 7 बजे से पहले ऑफिस से निकलने की इजाजत नहीं और कपड़ों तक पर नजर… एक भारतीय कर्मचारी ने अपने मैनेजर के इन सख्त नियमों को लेकर Reddit पर सवाल उठाया है। पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस शुरू हो गई कि आखिर ऑफिस में अनुशासन और माइक्रोमैनेजमेंट के बीच की सीमा कहां खत्म होती है।

कुछ महीने पहले आया मैनेजर, बदल गया ऑफिस का माहौल?

Reddit पर कर्मचारी ने बताया कि उनकी टीम में कुछ महीने पहले एक नया मैनेजर आया है। कर्मचारी के मुताबिक, उसके आने के बाद टीम पर निगरानी काफी बढ़ गई है। ऑफिस पहुंचने के बाद कर्मचारियों को माइक्रोसॉफ्ट टीम्स के ग्रुप में “Reached” लिखकर अपनी मौजूदगी की जानकारी देनी पड़ती है। सिर्फ इतना ही नहीं, पोस्ट में दावा किया गया कि मैनेजर कर्मचारियों के ड्रेस कोड पर भी सख्ती से नजर रखते हैं। टीम के सदस्यों को शाम 7 बजे से पहले ऑफिस छोड़ने की अनुमति नहीं होने की बात भी कही गई है। कर्मचारी ने अंत में दूसरे लोगों से पूछा कि क्या उनके ऑफिस में भी मैनेजर इसी तरह काम करते हैं या यह स्थिति असामान्य है। नीचे देखें वायरल रेडिट पोस्ट-

Reddit पर लोगों ने सुनाए अपने अनुभव

  • पोस्ट के कमेंट सेक्शन में कई यूजर्स ने अपने कार्यस्थल के अनुभव शेयर किए। एक यूजर ने कहा कि अगर पूरी टीम को नियम गलत लगते हैं तो कर्मचारियों को मिलकर मैनेजर के सामने अपनी बात रखनी चाहिए। उसके मुताबिक, केवल Reddit पर शिकायत करने से समस्या हल नहीं होगी।
  • एक अन्य यूजर ने अपने पुराने ऑफिस का अनुभव बताते हुए कहा कि वहां कर्मचारियों की शिफ्ट शुरू होने और खत्म होने का समय, लंच ब्रेक और डेस्क से दूर रहने की अवधि तक रिकॉर्ड की जाती थी। वहीं कुछ लोगों ने ऐसे मैनेजरों का जिक्र किया जो कर्मचारियों के पर्सनल टाइम में भी दखल देते थे।

ये भी पढ़ें- चीन के स्कूल में टॉयलेट ब्रेक पर चौंकाने वाला नियम, पूरे टर्म में सिर्फ एक बार जाने की इजाजत

टीम ने निकाला अनोखा तरीका

एक सीनियर सॉफ्टवेयर डेवलपर ने बताया कि उनकी टीम ने मैनेजर को साफ कर दिया है कि उन्हें यह तरीका पसंद नहीं है। इसके बावजूद मैनेजर लगातार इस तरह की निगरानी करते रहते हैं। मामले का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि टीम के कुछ सदस्य अब मजाक में ऑफिस से घर पहुंचने के बाद WhatsApp ग्रुप में “Reached” लिखते हैं। मैनेजर भी इस ग्रुप में मौजूद हैं, लेकिन कथित तौर पर इन संदेशों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देते।

ये भी पढ़ें- ऑफिस पंच इन-पंच आउट सिस्टम पर भड़की मार्केटिंग प्रोफेशनल, बोली- ये अब भी क्यों चल रहा? देखें वीडियो

अनुशासन और माइक्रोमैनेजमेंट में फर्क

ऑफिस में अटेंडेंस, काम के घंटे और ड्रेस कोड से जुड़े नियम कंपनी की नीतियों के तहत हो सकते हैं। लेकिन हर छोटी गतिविधि पर लगातार नजर रखना कर्मचारियों में दबाव और असंतोष पैदा कर सकता है। ऐसी स्थिति में कर्मचारियों को व्यक्तिगत टकराव के बजाय कंपनी की आधिकारिक शिकायत व्यवस्था, HR या वरिष्ठ प्रबंधन के सामने अपनी बात रखने का रास्ता अपनाना चाहिए। इस पूरे मामले ने एक बार फिर वर्कप्लेस कल्चर, कर्मचारी स्वतंत्रता और माइक्रोमैनेजमेंट को लेकर बहस छेड़ दी है।