What Happens if PF is Not Transferred After Job Change: नई जॉब के लिए कंपनी बदलते वक्त PF ट्रांसफर नहीं किया तो क्या होगा? क्या PF का पैसा अलग-अलग अकाउंट में फंस सकता है? क्या एक से ज्यादा UAN बनने से रिटायरमेंट फंड पर असर पड़ता है? क्या PF ट्रांसफर करना जरूरी है? ऑनलाइन PF ट्रांसफर कैसे करें?

How to Transfer PF from Old Company to New Company: आज के समय में युवा कर्मचारी तेजी से नौकरी बदल रहे हैं। बेहतर सैलरी, नई स्किल्स और ग्रोथ के चक्कर में 2-3 साल में कंपनी बदलना आम बात हो गई है। लेकिन इसी बीच एक छोटी सी गलती कई लोगों के रिटायरमेंट फंड को नुकसान पहुंचा रही है और वो है पीएफ (Provident Fund) को नजरअंदाज करना। कई लोग सोचते हैं कि नई नौकरी मिलते ही पुराना PF अपने आप मैनेज हो जाएगा, लेकिन असल में ऐसा नहीं होता। जानिए नौकरी बदलने के बाद पीएफ रूल क्या हैं? नई कंपनी में जॉब चेंज कर रहे हैं और पीएफ ट्रांसफर नहीं किया तो क्या होगा और पुरानी कंपनी से नए में पीएफ कैसे ट्रांसफर करें? जानिए पूरी डिटेल।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जॉब चेंज करते समय पीएफ ट्रांसफर न करना सबसे बड़ी गलती

नौकरी बदलते समय अगर आप पुरानी कंपनी का पीएफ नई कंपनी में ट्रांसफर नहीं करते, तो आपका पैसा अलग-अलग अकाउंट में बिखर जाता है। इससे न सिर्फ ट्रैकिंग मुश्किल होती है, बल्कि लंबे समय में कंपाउंडिंग का फायदा भी खत्म हो जाता है। अगर आप लगातार पीएफ ट्रांसफर करते रहें, तो एक बड़ा रिटायरमेंट कॉर्पस बन सकता है। लेकिन लापरवाही से यह पैसा छोटे-छोटे हिस्सों में बंटकर लॉस्ट अकाउंट जैसा बन जाता है।

मल्टीपल UAN की समस्या बन सकती है जंजाल

सबसे आम गलती है एक से ज्यादा UAN (Universal Account Number) बन जाना। जब नई कंपनी में जॉइन करते समय पुराना UAN नहीं दिया जाता, तो नया UAN बन जाता है। इससे एक ही व्यक्ति के दो या तीन पीएफ अकाउंट हो जाते हैं। इसका नतीजा यह होता है कि पीएफ बैलेंस अलग-अलग जगह फंस जाता है और बाद में उसे जोड़ना मुश्किल हो जाता है।

लॉस्ट पीएफ अकाउंट और क्लेम की परेशानी

कई साल तक नौकरी बदलने के बाद लोग अपने पुराने PF अकाउंट भूल जाते हैं। ऐसे अकाउंट धीरे-धीरे इनएक्टिव हो जाते हैं। बाद में KYC अपडेट, डॉक्यूमेंट और वेरिफिकेशन की वजह से क्लेम प्रोसेस लंबा और जटिल हो जाता है।

EPFO नियम और आसान समाधान, PF ऑनलाइन ट्रांसफर कैसे करें?

Employees' Provident Fund Organisation के अनुसार, UAN के जरिए PF ट्रांसफर करना बेहद आसान है। सिर्फ एक क्लिक में आप अपना पूरा पीएफ एक अकाउंट में जोड़ सकते हैं। अच्छी बात ये है कि अब पीएफ ट्रांसफर के लिए ऑफिस जाने या पुराने कंपनी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। Employees' Provident Fund Organisation ने UAN सिस्टम के जरिए पूरा प्रोसेस ऑनलाइन कर दिया है। PF ट्रांसफर कैसे करें, नीचे देखें पूरा प्रोसेस-

  • सबसे पहले EPFO की वेबसाइट पर जाएं और अपना UAN नंबर और पासवर्ड डालकर लॉगिन करें।
  • लॉगिन करने के बाद मेन्यू में जाएं और ऑप्शन चुनें “One Member- One EPF Account (Transfer Request)”
  • यहां आपका नाम, पुरानी और नई कंपनी की PF डिटेल अपने आप दिख जाएगी। सही जानकारी को वेरिफाई करें।
  • अगर आपने कई कंपनियों में काम किया है, तो आपके सभी पुराने PF अकाउंट दिखेंगे। आप उन्हें एक साथ चुन सकते हैं।
  • अब “Get OTP” पर क्लिक करें। आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा, उसे डालकर सबमिट करें।
  • सबमिट करते ही आपका PF पुराने अकाउंट से नए UAN से जुड़े अकाउंट में ट्रांसफर होना शुरू हो जाएगा।

PF ट्रांसफर: छोटी सी सावधानी, बड़ा फायदा

हर नौकरी बदलते समय तीन बातें याद रखें- PF ट्रांसफर करें, एक ही UAN रखें और KYC अपडेट रखें। वरना आज की छोटी सी लापरवाही भविष्य में लाखों रुपये के नुकसान में बदल सकती है।