Who is Raushan Anand: क्या आप जानते हैं कि रौशन आनंद कौन हैं? खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हुए हंगामे में उनका नाम क्यों चर्चा में है? सहरसा के एक छोटे गांव से निकलकर चर्चित शिक्षक बनने तक उनका सफर कैसा रहा?

Raushan Anand Patna: पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर खान ग्लोबल स्टूडियो के बाहर हुए हंगामे, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ मामले में पुलिस की कार्रवाई के बाद रौशन आनंद एक बार फिर सुर्खियों में हैं। पुलिस ने उन्हें और उनके दो सहयोगियों अभिषेक और गौरव को हिरासत में लिया है। हालांकि इस घटनाक्रम के बीच लोगों के मन में यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर रौशन आनंद कौन हैं? जानिए पूरी डिटेल।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

रौशन आनंद कौन हैं?

रौशन आनंद ज्ञानबिंदु कोचिंग के डायरेक्टर हैं। पटना में खान ग्लोबल स्टूडियो के बाहर हुए हंगामे और तोड़फोड़ मामले ने रौशन आनंद को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। दरअसल, वह बिहार के उन शिक्षकों में गिने जाते हैं जिन्होंने बेहद साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर अपनी अलग पहचान बनाई है।

रौशन आनंद का फैमिली बैकग्राउंड

रौशन आनंद का जन्म बिहार के सहरसा जिले के धमसेना गांव में हुआ था। उनका परिवार खेती-किसानी से जुड़ा रहा और आर्थिक रूप से बहुत मजबूत नहीं था। सीमित संसाधनों के बीच उनकी शुरुआती पढ़ाई सरकारी स्कूल में हुई। बचपन से ही पढ़ाई के प्रति उनका नजरिया अलग था और वे अपने भविष्य को लेकर खुद फैसले लेने में विश्वास रखते थे।

15 साल की उम्र में छोड़ा घर, पटना से कोटा और फिर BIT मेसरा तक का सफर

रौशन आनंद ने कम उम्र में बड़ा कदम उठाया। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने घर छोड़ दिया और पढ़ाई तथा करियर की तलाश में पटना पहुंच गए। यहां उन्होंने इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी शुरू की। बेहतर अवसरों की तलाश उन्हें राजस्थान के कोटा तक ले गई, जहां उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में पूरी मेहनत झोंक दी। उनकी मेहनत का परिणाम भी मिला। उन्होंने AIEEE परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया और प्रतिष्ठित BIT मेसरा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए प्रवेश हासिल किया। हालांकि आर्थिक परेशानियां और कुछ अन्य परिस्थितियां उनके रास्ते में बाधा बन गईं। यही वजह रही कि उन्हें इंजीनियरिंग की पढ़ाई बीच में ही छोड़नी पड़ी।

बिहार के प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों के बीच चर्चित नाम है रौशन आनंद

पढ़ाई अधूरी रहने के बावजूद रौशन आनंद ने हार नहीं मानी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में ही अपना रास्ता तलाशा और छात्रों को मार्गदर्शन देने का काम शुरू किया। धीरे-धीरे उनकी पहचान एक शिक्षक के रूप में बनने लगी और वे बिहार के प्रतियोगी परीक्षा अभ्यर्थियों के बीच चर्चित नाम बन गए। फिलहाल पटना में हुए हंगामे के मामले में पुलिस जांच जारी है। वहीं, इस कार्रवाई के बाद रौशन आनंद का नाम एक बार फिर सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा बन गया है। उनका जीवन संघर्ष, चुनौतियों और लगातार आगे बढ़ने की कोशिशों की कहानी के रूप में देखा जाता है।